बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही डीजल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने अंतर्राज्यीय डीजल चोर गिरोह के सरगना सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह रात के अंधेरे में हाईवे और अन्य जगहों पर खड़ी ट्रक-बसों के डीजल टैंक का ताला तोड़कर डीजल उड़ा लिया करता था। इस मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
पढ़िए पूरी खबर
दरअसल, क्षेत्र में लगातार हो रही छोटी-बड़ी चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक (दुर्ग रेंज) अभिषेक शांडिल्य और पुलिस अधीक्षक (बालोद) योगेश पटेल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन के साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (बालोद) बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम का नेतृत्व निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा और सायबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य ने किया।
नाकेबंदी में पकड़े गए थे दो आरोपी
जानकारी के मुताबिक, 13 जून को पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान दो आरोपियों शिवपाल और देवेन्द्र विश्वकर्मा को पकड़ा था। उनके कब्जे से एक स्विफ्ट डिजायर कार, सूमो गोल्ड, स्कार्पियो, एक मोबाइल और 490 लीटर चोरी का डीजल जब्त किया गया था, जिसकी कीमत 5,51,000 रुपये आंकी गई थी।

रायपुर में छिपे मिले मिले अन्य आरोपी
पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के बाद पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सायबर सेल और थाना बालोद के संयुक्त बल को सुराग मिला कि गिरोह के अन्य सदस्य रायपुर के उरला क्षेत्र में एक किराए का मकान लेकर छिपे हुए हैं। पुलिस ने वहां घेराबंदी कर दबिश दी और सोनू वाल्मिकी, गणेश साव, अरुण फुलेरिया, तुषार माली, राहुल चंदेल, राकेश चंदेल, होकम सिंह मालवी और धरमराज फुलेरिया को हिरासत में लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के दुपाड़ा गांव के रहने वाले ‘क्रिश’ नाम के युवक ने उन्हें बताया था कि भिलाई (सुपेला) का गणेश साव चोरी का डीजल अच्छे दामों पर खरीदता है और अपना कमीशन काटकर नगद भुगतान करता है।
कैसे देते थे घटना को अंजाम
गणेश साव ही इन चोरों को चोरी के लिए गैलन और पाइप उपलब्ध कराता था। आरोपी स्विफ्ट डिजायर और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियों का इस्तेमाल कर लाटाबोड़, नेवारीखुर्द, जगतरा, अर्जुन्दा और कुम्हारी क्षेत्रों में खड़ी गाड़ियों के डीजल टैंक का ताला तोड़कर गैलन में डीजल भरते थे और फिर उसे वाहनों के जरिए गणेश साव के पास ले जाकर बेच देते थे।

गिरफ्तार आरोपी
- सोनू वाल्मिकी (35 वर्ष) – शाजापुर, मध्य प्रदेश
- गणेश साव (48 वर्ष) – कैम्प-01 शास्त्री नगर, भिलाई, दुर्ग (छ.ग.)
- अरुण फुलेरिया (22 वर्ष) – शाजापुर, मध्य प्रदेश
- तुषार माली (29 वर्ष) – उज्जैन, मध्य प्रदेश
- राहुल चंदेल (28 वर्ष) – शाजापुर, मध्य प्रदेश
- राकेश चंदेल (22 वर्ष) – शाजापुर, मध्य प्रदेश
- होकम सिंह मालवी (50 वर्ष) – शाजापुर, मध्य प्रदेश
- विरेन्द्र सिंह (39 वर्ष) – उरला, रायपुर (छ.ग.)
- धरमराज (19 वर्ष)- लालघाटी, शाजापुर (म.प्र.)
पहले पकड़े गए आरोपी
- शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी (19 वर्ष)- सिटी कोतवाली, शाजापुर (म.प्र.)
- देवेन्द्र विश्वकर्मा (25 वर्ष) सिटी कोतवाली, शाजापुर (म.प्र.)
पुलिस ने आरोपियों के पास से क्या जब्त किया ?
- सोनू वाल्मिकी से: वाहन क्रमांक MP 53 CA 1629 और 01 मोबाइल फोन।
- गणेश साव से: 37 नग प्लास्टिक के खाली गैलन, 40,000 रुपये नगद और 02 मोबाइल फोन।
- अरुण फुलेरिया से: वाहन क्रमांक MH 04 DY 0004।
- विरेन्द्र सिंह से: चोरी का डीजल खरीदकर परिवहन करने वाला टैंकर क्रमांक CG 19 H 0321।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

