रवि रायकवार, दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में मंगलवार को चुनावी शोर थम गया। त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी ने जोर आजमाइश करते हुए पूरी ताकत झोंक दी। चुनाव प्रचार का समय खत्म होने के साथ ही पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। 

दतिया पुलिस आदर्श आचार संहिता का पालन कराने एक्शन मोड़ में आ गई। एसपी मयूर खंडेलवाल ने 4 टीमें गठित की। होटल, लॉज, ढाबों और अन्य ठहराव स्थलों की सघन चेकिंग शुरू की। विधानसभा क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों की मौजूदगी की जांच होगी। 

भाजपा की तरफ से मोर्चा संभालते दिग्गज

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया पहुंचकर मां पीतांबरा पीठ में दर्शन पूजन के बाद शहर में भव्य रोड शो किया। तो वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बसई क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांगा।

इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, डिप्टी CM जगदीश देवड़ा, प्रहलाद पटेल और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार जनसभाएं और घर-घर संपर्क करते नजर आए।

कांग्रेस का धुआंधार पलटवार

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पिछले तीन दिनों से दतिया में ही डेरा जमाए हुए हैं। उन्होंने पूरी विधानसभा को चार हिस्सों में बांटकर ताबड़तोड़ नुक्कड़ सभाएं कीं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह और सचिन यादव ने घर-घर जाकर चौपालें लगाईं और रात्रि जनसंपर्क के जरिए वोटरों को साधा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m