समीर शेख, बड़वानी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। थाना वरला पुलिस ने ऑपरेशन ‘ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत ग्राम बोरपडवा में दबिश देकर अवैध रूप से उगाई जा रही गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 4 क्विंटल से अधिक वजन के हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपए आंकी गई है।
ड्रोन की मदद से हुआ खुलासा
प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह के निर्देशन और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में यह सफल कार्रवाई की गई। 31 अक्टूबर 2026 को थाना वरला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरपडवा के एक खेत में अवैध रूप से गांजे की फसल लहलहा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी वरला नारायण रावल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने ड्रोन की मदद से खेत की सटीक लोकेशन और स्थिति का जायजा लिया, जिसके बाद वहां अवैध खेती पकड़ी गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वन विभाग के सहयोग से खेतों के रिकॉर्ड और टोपोग्राफी के आधार पर इस अवैध खेती से जुड़े आरोपियों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

