बीडी शर्मा, दमोह। पुलिस ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन से जुड़ी कथित लूट की घटना का खुलासा करते हुए फर्जी लूट की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 8 अगस्त 2026 को जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन से राशि लूटे जाने की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर थाना दमोह देहात में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

लूट की झूठी कहानी रचने की बात स्वीकार कर ली

पुलिस अधीक्षक आनन्द कलादगी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता परशुराम अहिरवार ने अपने साथियों संजय और साहिल के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी रचने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब 1,17,335 रुपये की राशि को आपस में बांट लिया था और घटना को वास्तविक लूट का रूप देने का प्रयास किया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,05,000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.83 लाख रुपये बताई गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की

सुजीत सिंह भदोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ने कहा- “फर्जी लूट की सूचना मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की। पूछताछ में शिकायतकर्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रचने की बात स्वीकार की। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नकद राशि, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m