हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रतलाम की रहने वाली आदिवासी छात्राओं को नौकरी का झांसा देकर बंधक बनाने, धोखाधड़ी करने और उनके मोबाइल छीनने के आरोप में आखिरकार पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित युवतियों को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दर-दर भटकना पड़ा और पुलिस कमिश्नर व डीसीपी के हस्तक्षेप के बाद ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस हरकत में आई।
नौकरी का झांसा देकर वसूली और कमरों में रखा बंद
पीड़ित आदिवासी छात्राओं का आरोप है कि उन्हें इंदौर में ‘महादेव इंटरप्राइजेज’ नाम की संस्था द्वारा अच्छी नौकरी का झांसा दिया गया था। इसके बाद उनसे नौकरी के नाम पर हजारों रुपये वसूल लिए गए। पीड़िताओं ने शिकायत में बताया कि 9 जुलाई को आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और 13 जुलाई तक उन्हें एक कमरे में जबरन बंद (बंधक) बनाकर रखा गया। इस दौरान आरोपियों की कड़ी निगरानी में ही उनकी परिजनों से बात कराई जाती थी, जिसके कारण वे अपनी आपबीती और परेशानी घर वालों को नहीं बता पा रही थीं।
अहमदाबाद भेजने की थी तैयारी, भागकर बचीं युवतियां
पीड़ितों का दावा है कि आरोपी उन्हें गुजरात के अहमदाबाद भेजने की तैयारी में थे। लेकिन किसी तरह चार युवतियां उनके चंगुल से भागकर अपने गांव पहुंचने में कामयाब रहीं, जिसके बाद इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश हुआ। इस मामले में पुलिस का अमानवीय चेहरा भी सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर स्थानीय थाने पहुंचीं, तो उन्हें वहां से धक्के देकर भगा दिया गया। करीब 27 घंटे तक पुलिस इस गंभीर मामले को दबाए बैठी रही। इसके बाद जब मामला पुलिस कमिश्नर और डीसीपी तक पहुंचा और उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई, तब जाकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने महादेव इंटरप्राइजेज की संचालिका उर्मिला गुर्जर समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस घटना ने इंदौर पुलिस की संवेदनशीलता और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।एक तरफ जहां प्रदेश में आदिवासियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश हैं, वहीं पीड़ितों को FIR दर्ज कराने के लिए आला अधिकारियों के चक्कर काटने पड़े।
कार्रवाई में 27 घंटे की देरी क्यों हुई?
पीड़ितों को थाने से भगाने वाले पुलिसकर्मियों पर क्या एक्शन लिया जाएगा? ये कुछ ऐसे गंभीर प्रश्न हैं जो इस समय पुलिस प्रशासन के सामने खड़े हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

