शब्बीर अहमद/संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। एक तरफ जहां सत्ताधारी दल बीजेपी ने अपनी संगठनात्मक मजबूती का दावा करते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी दो दिनों के भीतर अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा करने की तैयारी में है।

हमें बड़ी तैयारी की जरूरत नहीं

दतिया उपचुनाव को लेकर भोपाल में मीडिया से बात करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी की तैयारियों पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो चुनावी मोड में ही रहती है। भाजपा की हर महीने बूथ, मंडल और जिला स्तर पर बैठकें होती हैं। हम हर चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहते हैं, इसलिए हमें किसी भी उपचुनाव के लिए अलग से कोई बड़ी तैयारी करने की जरूरत नहीं है।

नरोत्तम मिश्रा की उम्मीदवारी पर सस्पेंस

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की उम्मीदवारी के सवाल पर खंडेलवाल ने कहा- नरोत्तम मिश्रा हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वे पहले भी दतिया से चुनाव लड़े हैं और क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे हैं। प्रदेश नेतृत्व से जब केंद्रीय नेतृत्व नाम मांगेगा, तो पैनल भेजा जाएगा। अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व को ही करना है।

दिग्विजय सिंह की पदयात्रा पर तंज

दिग्विजय सिंह द्वारा उज्जैन के महाकाल मंदिर से अयोध्या तक निकाली जाने वाली पदयात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भगवान राम के आशीर्वाद से देश में भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है, जो करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “मंदिर बनाने का काम हम सब लोगों ने मिलकर किया है, लेकिन कांग्रेस ने पहले भी इस देश की आस्था के साथ आघात करने का काम किया है और आगे भी वही करेगी। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी जिलों में 5 और 6 जुलाई को कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है।

कांग्रेस में राजेंद्र भारती की पत्नी का नाम रेस में सबसे आगे

उधर, कांग्रेस ने भी दतिया फतह करने के लिए अपनी रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। दतिया दौरे से लौटे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के साथ मैराथन संवाद किया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 7 जुलाई तक दतिया उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक ऐलान कर सकती है। टिकट की रेस में ये नाम शामिल: दतिया से कांग्रेस के दिग्गज नेता राजेंद्र भारती की पत्नी का नाम इस समय टिकट की रेस में सबसे आगे चल रहा है और उनका नाम लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा राजेंद्र भारती के बेटे के नाम पर भी मंथन किया जा रहा है।

पैनल में अन्य दावेदार

राजेंद्र भारती के परिवार के अलावा अवधेश नायक और घनश्याम सिंह भी दावेदारों की सूची में शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जिला कांग्रेस कमेटी से जमीनी फीडबैक और रिपोर्ट मंगवाई है। वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी के बाद अगले दो दिनों में अंतिम नाम पर मुहर लगा दी जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m