हेमंत शर्मा, इंदौर। नाना पटवारी से जुड़े ड्रग्स मामले को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है। कांग्रेस के हमलावर रुख के बीच अब भाजपा ने भी पलटवार करते हुए सीधे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को निशाने पर ले लिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने ऐसा बयान दिया है, जिससे प्रदेश की सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है। राकेश सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस नाना पटवारी के मामले में भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है, जबकि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि ड्रग्स मामले में पकड़े गए दो लोगों के साथ जीतू पटवारी के कई पोस्टर सामने आए हैं। इसी आधार पर उन्होंने मांग की कि जीतू पटवारी की भी ड्रग्स स्क्रीनिंग कराई जाए।

READ MORE: महिला जज को धमकी देने का मामला: हाईकोर्ट की दो टूक- न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं; दो आरोपी को भेजा जेल  

भाजपा प्रवक्ता यहीं नहीं रुके। उन्होंने आरोप लगाया कि जीतू पटवारी जिस तरह के बयान देते हैं और लगातार आरोप लगाते हैं, उससे ऐसा लगता है कि वह स्वयं भी “ड्रग्स एडिक्ट” हैं।  राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी को भी अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि हरीश चौधरी जिस क्षेत्र से विधायक हैं, वहां कई इलाकों में ड्रग्स तस्करी होती है। उन्होंने आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि कुछ ड्रग्स सप्लायरों से उनके संबंध हो सकते हैं और इसकी भी जांच होनी चाहिए।

READ MORE: मां की हत्या कर दीवार में छिपाया था शव, फांसी की सजा पर हाईकोर्ट की रोक; नए सिरे से होगी सुनवाई

भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि हरीश चौधरी बार-बार मध्यप्रदेश क्यों आते हैं, बड़े-बड़े होटलों में क्यों ठहरते हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि उनके मध्यप्रदेश दौरों और गतिविधियों की भी जांच होनी चाहिए।नाना पटवारी से शुरू हुआ विवाद अब सीधे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच चुका है। एक तरफ कांग्रेस पूरे मामले में भाजपा और जांच एजेंसियों पर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर भाजपा कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाकर जवाबी हमला बोल रही है। ऐसे में यह मामला अब केवल कानूनी नहीं, बल्कि प्रदेश की सियासत का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।हालांकि, भाजपा प्रवक्ता द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर खबर लिखे जाने तक जीतू पटवारी और हरीश चौधरी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m