राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश में अब दिग्गज नेता पुत्रों की खेल के जरिए सियासी एंट्री हो रही है। डायरेक्ट टिकट नहीं मिल रहे तो वे अब खेलों के जरिए चौका-छक्का लगा रहे हैं। पिता की सीट पर सक्रियता के साथ युवाओं के बीच सक्रियता बढ़ा रहे हैं। महाआर्यमन सिंधिया के बाद कार्तिकेय सिंह चौहान की खेल में एंट्री हो गई है।
महाआर्यमन सिंधिया क्रिकेट
सितंबर 2025 में महाआर्यमन सिंधिया मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सबसे युवा अध्यक्ष बने। 29 वर्ष की आयु में महाआर्यमन निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। इसके साथ ही इस पद के जरिए सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी ने कमान संभाली। इनसे पहले इनके दादा माधवराव सिंधिया और पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी लंबे समय तक इस संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।

कार्तिकेय सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने खेल के जरिए सियासी एंट्री मारी है। कार्तिकेय पिता की परंपरागत बुधनी विधानसभा में सक्रिय तो हैं, लेकिन उपचुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला तो हाल ही में मध्य प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। उनका चयन 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए हुआ है. इस चुनाव में मध्य प्रदेश के 33 जिला वॉलीबॉल संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और कार्तिकेय को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।

आकाश विजयवर्गीय
बीजेपी के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय के बेटे विधायक आकाश विजयवर्गीय को 2023 में टिकट नहीं मिला। ननवरी 2024 में आकाश विजयवर्गीय ने क्रिकेट की पिच पर बल्ला घुमाया और इंदौर संभागीय क्रिकेट संगठन के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। इस पद पर पहले उनके पिता और मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी रह चुके हैं।

देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर
मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बड़े बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर राजनीति में सक्रिय तो हैं, लेकिन अब तक चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला। देवेंद्र हॉकी इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वो मिक्स मार्शल आर्ट्स इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे पहले वो मध्य भारत हॉकी संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

प्रबल प्रताप सिंह तोमर
इसी तरह उनके छोटे भाई प्रबल प्रताप सिंह तोमर पेनचक सिलाट फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दिल्ली एनसीआर की एसोसिएशन ऑफ मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

