तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स को लेकर दिए गए ‘क्रिमिनल वेस्ट’ वाले बयान ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्षी दल BRS और BJP ने इस बयान को छात्रों का अपमान बताते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। वहीं, BJP सांसद निशिकांत दुबे ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी पर भी तंज कसा।

क्या कहा था रेवंत रेड्डी ने?

हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हर साल राज्य में करीब 1.10 लाख इंजीनियरिंग छात्र स्नातक होते हैं, लेकिन उनमें से कई नौकरी के लिए आवेदन फॉर्म तक सही तरीके से नहीं भर पाते। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे इंजीनियरिंग डिग्रीधारकों को एक साधारण आवेदन पत्र भरने के लिए दें, जिससे उनकी वास्तविक क्षमता का आकलन हो सके।

‘क्रिमिनल वेस्ट’ टिप्पणी से बढ़ा विवाद

रेवंत रेड्डी ने कहा कि यदि कोई छात्र इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बावजूद न तो रोजगार योग्य है और न ही कोई कौशल सीखना चाहता है, तो यह “पूरी तरह क्रिमिनल वेस्ट” की स्थिति है। उन्होंने यह भी कहा कि कई अभिभावक केवल डिग्री के आधार पर सरकारी नौकरी की उम्मीद करते हैं, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद विपक्ष ने आरोप लगाया कि उन्होंने लाखों इंजीनियरिंग छात्रों और युवाओं का अपमान किया है।

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर कसा तंज

BJP सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि रेवंत रेड्डी उनके पुराने मित्र हैं और उनकी सोच सही है क्योंकि वे विद्यार्थी परिषद की पृष्ठभूमि से आते हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री राहुल गांधी के निर्देशों के अनुसार बयान देने को मजबूर हैं।

दुबे ने कहा, “रेवंत रेड्डी अच्छे इंसान हैं, लेकिन उन्हें राहुल गांधी की हर बात माननी पड़ती है। वे वही बोलते हैं, जो राहुल गांधी उनसे कहलवाते हैं। इसमें उनकी व्यक्तिगत गलती नहीं है।”

राजनीतिक बयानबाजी तेज

रेवंत रेड्डी का यह बयान ऐसे समय आया है जब रोजगार, शिक्षा और युवाओं के भविष्य का मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में है। अब इस विवाद ने तेलंगाना की राजनीति में नया मोड़ ले लिया है, जहां सत्तापक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर लगातार हमलावर हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m