शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के गलत इस्तेमाल को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक कथित AI-जनरेटेड फर्जी पोस्टर तेजी से वायरल किया जा रहा है, जो ‘राम मंदिर चंदे’ से जुड़ा हुआ है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने पुलिस मुख्यालय (PHQ) में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस का आरोप है कि यह पूरी कवायद प्रदेश अध्यक्ष की छवि धूमिल करने और आम जनता को गुमराह करने के एक बड़े राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है।
PHQ पहुंची कांग्रेस, ADG को सौंपा ज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल राजधानी भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) पहुंचा। यहाँ नेताओं ने साइबर क्राइम के ADG साई मनोहर से मुलाकात की और उन्हें इस फर्जीवाड़े के खिलाफ एक आधिकारिक शिकायत पत्र (ज्ञापन) सौंपा। कांग्रेस ने मांग की है कि इस कृत्य के पीछे जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IT Act की सभी प्रासंगिक व कड़ी धाराओं के तहत तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है
कांग्रेस पार्टी ने इस डिजिटल जालसाजी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर AI-जनरेटेड फर्जी पोस्टर बनाकर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की साफ-सुथरी छवि को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। जनता के बीच भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ उठाने की यह घिनौनी साजिश सीधे तौर पर हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों पर एक बड़ा हमला है।
बीजेपी के ‘अंडर सेल’ पर कांग्रेस का सीधा आरोप
इस पूरे विवाद पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने एक बयान (बाइट) जारी करते हुए सत्ताधारी दल पर सीधा निशाना साधा है। बारोलिया ने आरोप लगाया कि- भारतीय जनता पार्टी और उनकी अंडर सेल (IT सेल) AI जैसी आधुनिक तकनीक का बेहद गलत और खतरनाक उपयोग कर रही है। जीतू पटवारी जी और कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए यह पूरा राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया है। हम पुलिस प्रशासन से मांग करते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को तुरंत जेल भेजा जाए। बीजेपी की इस ओछी राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है।”
बढ़ता जा रहा है ‘डीपफेक’ और ‘AI’ का खतरा
राम मंदिर के चंदे जैसे संवेदनशील विषय पर प्रदेश के इतने बड़े नेता का फर्जी पोस्टर वायरल होना यह साफ दर्शाता है कि चुनावों और राजनीतिक शह-मात के खेल में अब तकनीक का दुरुपयोग किस स्तर तक बढ़ गया है। फिलहाल, साइबर सेल ने शिकायत के आधार पर पोस्टर के सोर्स और इसे वायरल करने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

