शिखिल ब्यौहार, भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कार्यक्रम के दौरान हुई एक मिमिक्री (हास्य अभिनय) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के बीच तीखे वार-पलटवार का दौर जारी है। बीजेपी का आरोप है कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माताजी का मजाक उड़ाया गया है, वहीं कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

भारतीय संस्कृति का आदर करना नहीं जानती

मामले पर तीखा हमला बोलते हुए भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि विदेशी विचारधारा और संस्कृति में पले-बढ़े राहुल गांधी क्या जानें कि स्वदेशी मां और भारत माता का सम्मान क्या होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी मां जैसे पवित्र शब्द और भारतीय संस्कृति का आदर करना नहीं जानती।

छात्रों की गूंज को हर जिले तक ले जाएगी कांग्रेस: जीतू पटवारी बोले- सरकार का दायित्व है अधिकार संपन्न शिक्षा

प्रधानमंत्री की माताजी को लेकर कोई बात ही नहीं हुई

दूसरी ओर, कांग्रेस ने बीजेपी के सभी आरोपों को मनगढ़ंत बताया है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी या कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की माताजी को लेकर कोई बात ही नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बीजेपी असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। आज देश का युवा, छात्र और आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों से परेशान हैं। पीसी शर्मा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि 15 लाख रुपये और काला धन वापस लाने के वादे खोखले साबित हुए हैं। कांग्रेस युवाओं और छात्रों से जुड़े इन असली मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष जारी रखेगी।

देश की सत्ता में बड़ा परिवर्तन

कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरौलिया ने कहा कि लाखों छात्रों ने इंदौर पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की है। जनता अब सड़कों पर उतरकर बदलाव की मांग कर रही है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब इस बात का स्पष्ट संकेत है कि मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि अब देश की सत्ता में बड़ा परिवर्तन होने जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि 15 लाख रुपये और काला धन वापस लाने के खोखले वादों के खिलाफ और युवाओं के रोजगार व न्याय की लड़ाई के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m