चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की राजनीति में बयानों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इंदौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा और विवादित हमला बोला है। सुमित मिश्रा ने जीतू पटवारी की तुलना बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत से करते हुए उन्हें ‘कांग्रेस का मेल राखी सावंत’ करार दिया है।

‘सुर्खियों में रहने के लिए करते हैं ऊल-जलूल हरकतें’

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिस तरह राखी सावंत मीडिया और सोशल मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाती हैं, ठीक उसी तरह जीतू पटवारी भी राजनीति में चर्चा में रहने के लिए आए दिन ऊल-जलूल बयानबाजी और हरकतें करते हैं। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया के जरिए लगातार प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधने में लगे रहते हैं, क्योंकि उन्हें हर मुद्दे में केवल राजनीति नजर आती है।

उज्जैन मामले और सीएम पर बयानबाजी को लेकर साधा निशाना

सुमित मिश्रा का यह बयान हाल ही में जीतू पटवारी द्वारा उज्जैन में मकान तोड़े जाने की कार्रवाई और मुख्यमंत्री को लेकर दिए गए बयानों के बाद आया है। भाजपा अध्यक्ष का कहना है कि पटवारी के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे लगातार बयानबाजी करके खुद को खबरों में बनाए रखने की कोशिश करते हैं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज

भाजपा नगर अध्यक्ष के इस तीखे और तंज भरे बयान के बाद मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। सुमित मिश्रा के इस रुख के बाद अब कांग्रेस की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया आने के आसार हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m