अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहर में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए हादसे के बाद मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक ओर नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल और नगर पालिका सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल लेते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर घायल सीताराम गुप्ता और रविकांत गुप्ता के परिजनों ने सीएमओ और उनकी टीम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें: NCL अमलोरी परियोजना में बड़ा हादसा! धू-धू कर जली 8 करोड़ की ड्रिल मशीन
परिजनों का आरोप है कि बुढार रोड से न्यू बस स्टैंड तक चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर स्वयं मौके पर मौजूद थे। उस समय सीताराम गुप्ता और रविकांत गुप्ता प्रशासन का सहयोग करते हुए अपनी दुकान और मकान का सामान खाली कर रहे थे, इसके बावजूद जेसीबी से दुकान गिराने के निर्देश दिए गए, जिससे अचानक मलबा दोनों के ऊपर आ गिरा और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद सीएमओ और नगर पालिका का स्टाफ मौके से चला गया था।
हादसे के बाद नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की,उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में बताया कि सीताराम गुप्ता और रवि की हालत में सुधार है तथा सीटी स्कैन रिपोर्ट भी सामान्य आई है। उन्होंने यह भी लिखा कि यदि परिवार निजी अस्पताल में बेहतर उपचार कराना चाहता है तो नगर पालिका उनकी हरसंभव आर्थिक और सामाजिक सहायता करेगी, साथ ही छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित न हो, इसके लिए भी उचित व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
इसे भी पढ़ें: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत: फांसी के फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गौरतलब है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक सड़क चौड़ीकरण अभियान शुरू किया है। व्यापारियों के विरोध के बाद प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई 18 मीटर से घटाकर 17 मीटर कर दी गई थी। प्रशासन का दावा है कि इस अभियान से शहर में जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी,हालांकि इसी अभियान के दौरान हुए हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की जेसीबी पर पथराव भी किया था, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था, फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

