सुप्रिया पांडेय, रायपुर। प्रदेश में आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए मनाए जा रहे सुशासन तिहार को सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं. एक तरफ जहां कांग्रेस इसे पूरी तरह से फेल बता रही है, तो दूसरी ओर भाजपा ने इस पर सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कांग्रेस शासनकाल में योजनाओं पर लगे ग्रहण की याद दिलाई है.
यह भी पढ़ें : आर्चरी वर्ल्ड कप में भारत ने जीता शानदार गोल्ड, दीपिका ने दिलाई टीम को जीत…
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सुशासन तिहार को लेकर मीडिया से चर्चा में कहा कि यह महज औपचारिकता है. ये जनता के बीच में जाकर टाइम पास करने, नौटंकी करने जा रहे हैं. हकीकत यह है कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र को पीएम आवास के लिए दंडवत होना पड़ रहा है. अधिकारियों को धमकाया जा रहा है. दरअसल, इन्होंने जनता के लिए कुछ काम ही नहीं किया है, ऐसे में अब जब पोल खुल रही है तो अधिकारी को धमका रहे हैं. सुशासन तिहार पूरी तरह से फेल है.

पीसीसी चीफ दीपक बैज के सुशासन तिहार को लेकर दिए बयान पर मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार करते हुए कहा कि आवास के लिए कांग्रेस सरकार ने 5 साल लोगों को तरसाया. आज़ादी के बाद आदिवासियों के साथ खिलवाड़ किया. हमारी सरकार ने 18 लाख से ज़्यादा पीएम आवास स्वीकृत किया है. आज आदिवासी की बात कर रहे, जब शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और आवास तक पर नक्सलियों ने बुरी नजर लगाई, तब कांग्रेसियों के मुंह क्यो बंद थे.
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सोना नहीं खरीदने और वर्क फ्रॉम होम करने की अपील पर दीपक बैज ने कहा कि ये नाकामी का संदेश है. मोदी सरकार ने देश में महंगाई को चरम पर ला दिया. आज इसी दो महीने के अन्दर सिलेंडर के दाम में वृद्धि हुई. जरूरत की हर चीच के दाम आसमान छू रही है. राहुल गांधी कहते आए कि महंगाई चरम पर है, और आप उपदेश दे रहे हैं. मोदी ने खुद स्वीकार किया है कि महंगाई चरम पर है.
वहीं प्लास्टिक की बोतल में शराब मिलने पर दीपक बैज ने कहा कि पिछले एक तारीख से प्लास्टिक बोतल में शराब बिक रही है. चूहे प्लास्टिक बोतल भी कुतरते हैं, नुकसान पहुंचाते हैं. जो माल निकलेगा दुकान तक पहुंचेगा ही नहीं. सब पैसा मंत्री खाएंगे, और इल्ज़ाम चूहों पर लगेगा. इस पर केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार में कैसे शराब घोटाला हुआ उसे देखें. आरोप लगाने से पहले कांग्रेस अपने गिरेबान पर झांके.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

