Bihar Panchayat Election 2026: बिहार में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने कल सोमवार (4 मई) को निर्वाचन क्षेत्रों की आबादी से जुड़ा ब्योरा जारी कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने लोगों को अपनी आपत्ति या सुझाव देने का मौका भी दिया है।

18 मई तक शिकायत व सुझाव का मौका

18 मई तक कोई भी मतदाता या संबंधित व्यक्ति अपनी बात रख सकता है। इसमें 2011 की जनगणना के आंकड़ों को ही आधार बनाया गया है। जो आपत्तियां मिलेंगी, उन पर 22 मई तक फैसला कर लिया जाएगा। इसके बाद 5 जून को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी।

अलग-अलग माध्यम से पहुंचाई जाएगी सूचना

बता दें कि इस बार उन इलाकों में बदलाव किया गया है, जो अब नगर निकाय में शामिल हो चुके हैं। आयोग का कहना है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है, जिससे लोगों को आसानी से जानकारी मिल सके। इसके साथ ही मुनादी, अखबार और टीवी के जरिए भी लोगों तक इसकी सूचना पहुंचाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंच सके और वे इसमें भाग ले सकें।

जनसंख्या से जुड़ी आपत्तियों पर होगा विचार

आपत्तियों की जांच के लिए अलग-अलग स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। पंचायत स्तर पर बीडीओ, जिला परिषद के लिए एसडीओ और अपील की स्थिति में डीएम अंतिम फैसला लेंगे। आयोग ने साफ किया है कि सिर्फ जनसंख्या से जुड़ी आपत्तियों पर ही विचार होगा। ज्यादा जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट www.sec.bihar.gov.in या टोल-फ्री नंबर 1800-3457-243 पर संपर्क किया जा सकता है।

पहली बार होगा ईवीएम का इस्तेमाल

बिहार में इस साल होने वाला पंचायत चुनाव कई मायनों में अलग और खास होने वाला है। दरअसल बिहार ऐसा पहली बार होगा, जब पंचायत स्तर के चुनाव में नई तकनीक से लैस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का इस्तेमाल किया जाएगा। बता दें कि अब तक के पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया जाता था। हालांकि इस बार ईवीएम से वोटिंग होगी। इसके साथ ही पंचायत चुनाव में आरक्षण का नया रोस्टर भी लागू किया जाएगा।

इन 6 पदों के लिए होगा चुनाव

इस चुनाव में पंचायत स्तर के छह प्रमुख पदों के लिए मतदान होगा, जिनमें वार्ड सदस्य, मुखिया, पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए एक ही बूथ पर ईवीएम के जरिए मतदान की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मतदान प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सुगम होगी।

साल के अंत में हो सकता है चुनाव

ऐसी संभावना है कि साल के अंत महीने नवंबर-दिसंबर में पंचायत चुनाव 2026 कराया जा सकता है। पहली बार पंचायत में ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल होना है, जिसे लेकर अभी से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar Cabinet Expansion: 7 मई को गांधी मैदान में होगा बिहार कैबिनेट का विस्तार, नए मंत्री लेंगे पद की शपथ