Automobile desk: लग्जरी कार निर्माता कंपनी पोर्श ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पॉपुलर एसयूवी कैयेन का ऑल-इलेक्ट्रिक वर्जन आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। घरेलू बाजार में कंपनी की यह पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी है। खास बात यह है कि कंपनी ने अपने चाहने वालों के लिए पेट्रोल इंजन वाले मौजूदा मॉडल को भी बिक्री के लिए जारी रखने का फैसला किया है, जिससे ग्राहकों को फ्यूल और इलेक्ट्रिक दोनों कैटेगरी में चुनाव करने का विकल्प मिलता रहेगा।

भारतीय बाजार में नई कैयेन इलेक्ट्रिक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.77 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं, इसके ज्यादा पावरफुल और हाई-परफॉर्मेंस ‘टर्बो’ वेरिएंट को 2.28 करोड़ रुपये की शुरुआती कीमत पर उतारा गया है।

परफॉर्मेंस के मामले में पोर्श ने इस एसयूवी में ई-परफॉर्मेंस पावरट्रेन का इस्तेमाल किया है, जो ऑल-व्हील ड्राइव सेटअप के लिए दोनों एक्सल पर इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आता है। इसमें 113 kWh क्षमता का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। स्टैंडर्ड वेरिएंट 408 हॉर्सपावर जनरेट करता है, जो लॉन्च कंट्रोल एक्टिवेट होने पर 442 हॉर्सपावर की ओवरबूस्ट ताकत तक पहुंच जाता है। यह मॉडल महज 4.8 सेकंड में शून्य से 100 किमी/घंटा की स्पीड हासिल कर लेता है।

वहीं, इसका टर्बो वेरिएंट पावर का असली धुरंधर है। यह वेरिएंट 1,156 हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत और 1,150 न्यूटन-मीटर का टॉर्क जनरेट करता है। रफ्तार की बात करें तो यह महज 2.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ लेता है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 260 किमी/घंटा है। बेहतर राइड और हैंडलिंग के लिए इसमें अडैप्टिव एयर सस्पेंशन और रियर-एक्सल स्टीयरिंग जैसे आधुनिक मैकेनिज्म शामिल किए गए हैं।

ड्राइविंग रेंज की बात करें तो स्टैंडर्ड कैयेन इलेक्ट्रिक एक बार फुल चार्ज होने पर 642 किलोमीटर (WLTP सर्टिफाइड) तक की दूरी तय कर सकती है, जबकि टर्बो वेरिएंट में 623 किलोमीटर तक की रेंज का दावा किया गया है। यह गाड़ी 390kW की डीसी फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। अल्ट्रा-फास्ट चार्जर के जरिए इसे 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में केवल 16 मिनट का समय लगता है। इसके अलावा, भारत में पोर्श के इस मॉडल के साथ 11kW का वायरलेस इंडक्टिव चार्जिंग ऑप्शन भी पहली बार पेश किया गया है।

डिजाइन के मोर्चे पर पोर्श ने पारंपरिक कैयेन की मस्कुलर बनावट को बरकरार रखते हुए इसमें क्लोज्ड फ्रंट ग्रिल, एक्टिव एयरोडायनामिक वेंट्स और फोर-पॉइंट DRLs वाली मैट्रिक्स एलईडी हेडलाइट्स दी हैं। पेट्रोल मॉडल की तुलना में यह थोड़ी अधिक लंबी है और इसका व्हीलबेस 3,023 मिमी है। प्रैक्टिकल उपयोग के लिए इसमें आगे 90 लीटर का ‘फ्रंक’ (सामने का स्टोरेज) और पीछे 781 लीटर का बड़ा बूट स्पेस मिलता है, जिसे सीटें फोल्ड करके 1,588 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है।

केबिन के भीतर 14.5-इंच का कर्व्ड टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 4-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड सीट्स और पैनोरमिक रूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स मौजूद हैं। सुरक्षा और सहूलियत के लिए इसमें 2D सराउंड व्यू, लेन चेंज असिस्ट, वार्न एंड ब्रेक असिस्ट के साथ-साथ बिना चाबी के गाड़ी एक्सेस करने के लिए अल्ट्रा-वाइड़बैंड आधारित कम्फर्ट एक्सेस टेक्नोलॉजी दी गई है। भारतीय बाजार में इसका सीधा मुकाबला ऑडी Q8 e-tron, बीएमडब्ल्यू iX और लोटस एलेट्रे जैसी सुपर-लग्जरी इलेक्ट्रिक गाड़ियों से देखने को मिलेगा।