हेमंत शर्मा, इंदौर। ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट जीवनसाथी डॉट कॉम पर खुद को भारतीय नौसेना (नेवी अफसर) का अधिकारी बताकर युवती को शादी का झांसा देने और उससे 26.86 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को इंदौर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले शादी का भरोसा दिलाया, फिर ब्लड कैंसर होने का झूठ बोलकर इलाज के नाम पर भी लाखों रुपये ऐंठ लिए। ठगी के बाद वह देश छोड़कर रूस भागने की फिराक में था।
मॉस्को में लेबर कंस्ट्रक्शन सुपरवाइजर
क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी की पहचान जितेंद्र छोनकर उर्फ जीतू (29) निवासी ग्राम थोरा, तहसील जेवर, जिला गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी भारतीय नौसेना में नहीं था, बल्कि रूस की राजधानी मॉस्को में लेबर कंस्ट्रक्शन सुपरवाइजर के रूप में कार्य करता था। उसने फर्जी पहचान बनाकर युवती से संपर्क किया और शादी का वादा कर अलग-अलग बहानों से कुल 26 लाख 86 हजार 500 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
रूस भागने की तैयारी में था
27 जून को आरोपी रूस जाने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचा था। इमिग्रेशन जांच के दौरान उसके खिलाफ दर्ज शिकायत सिस्टम में दिखाई दी, जिसके बाद अधिकारियों ने उसे रोककर आईजीआई थाना पुलिस के हवाले कर दिया। दिल्ली पुलिस ने इसकी सूचना इंदौर क्राइम ब्रांच को दी।
दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर इंदौर लाई पुलिस
सूचना मिलते ही इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली रवाना हुई। 28 जून को टीम ने आईजीआई थाना पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस आरोपी को इंदौर लेकर पहुंची। यहां स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
कई और लोगों से ठगी
क्राइम ब्रांच को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह फर्जी पहचान बनाकर अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। पुलिस उसके बैंक खातों, मोबाइल फोन और ऑनलाइन गतिविधियों की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

