तमिलनाडु के मदुरै स्थित प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के दौरे के दौरान बिजली गुल होने के मामले में मंदिर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। महज दो मिनट की बिजली कटौती के बाद मंदिर के जूनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर एस. जानकीरमन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने इसे महत्वपूर्ण वीवीआईपी दौरे के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला बताया है।
उपराष्ट्रपति और राज्यपाल के दौरे के दौरान गुल हुई बिजली
मंदिर प्रशासन के आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह घटना 30 अक्टूबर को हुई थी, जब उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के साथ मीनाक्षी अम्मन मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे।
दर्शन के बाद उपराष्ट्रपति ईस्ट चिथिराई स्ट्रीट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तभी करीब दो मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस दौरान मंदिर परिसर में अंधेरा छा गया। घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने 31 अक्टूबर से इंजीनियर जानकीरमन के निलंबन का आदेश जारी किया।
15 दिन में देना होगा जवाब, अपील के लिए 30 दिन
मंदिर प्रशासन ने यह कार्रवाई हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती अधिनियम, 1959 की धारा 56(1) के तहत की है। आदेश पर मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की अध्यक्ष आर. रुक्मणी ने हस्ताक्षर किए हैं।
निलंबित इंजीनियर को आरोपों पर 15 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। तय समय में जवाब नहीं देने पर उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, आदेश को चुनौती देने के लिए उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपील करने हेतु 30 दिन का समय दिया गया है।
बिजली कटौती पर उपराष्ट्रपति की टिप्पणी, AIADMK ने भी उठाए सवाल
घटना पर टिप्पणी करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि मानो देवी स्वयं देश को तमिलनाडु में बिजली कटौती की स्थिति दिखा रही हों। विपक्षी दल AIADMK ने भी प्रशासन की आलोचना करते हुए दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी के मंदिर दौरे के दौरान भी एक दिन पहले बिजली गुल हुई थी।
बिजली मंत्री ने बताई तकनीकी खराबी की वजह
तमिलनाडु के बिजली मंत्री आर. निर्मल कुमार ने स्पष्ट किया कि यह ग्रिड फेलियर नहीं था, बल्कि स्थानीय सबस्टेशन में आई तकनीकी खराबी का परिणाम था। उनके मुताबिक, वीआईपी दौरे के मद्देनजर मंदिर की बिजली आपूर्ति को एहतियातन जनरेटर पर स्थानांतरित करने के दौरान यह समस्या सामने आई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

