राजकुमार पाण्डेय की कलम से
बीजेपी विधायक को नहीं पता श्रीराम की माता का नाम
वाक्या मध्य प्रदेश विधानसभा का है. जहां बीजेपी विधायक के ज्ञान के कारण पूरी पार्टी की फजीहत हो गई. दरअसल, सनातन का गुणगान कर रहे बीजेपी विधायक भगवान श्रीराम की माता का नाम नहीं बता पाए. माननीय विधानसभा में जी राम जी योजना को लेकर चल रही चर्चा के बीच विपक्ष को श्री राम विरोधी बता रहे थे. कांग्रेस के एक विधायक ने बीजेपी विधायक से पूछा कि भगवान राम की माता का नाम ही बता दो, लेकिन बीजेपी विधायक श्रीराम की माता का नाम नहीं बता पाए.
कांग्रेस में ब्राह्मणों की उपेक्षा!
प्रवक्ताओं को किनारे कर ही दिया गया था ऊपर से उपनेता प्रतिपक्ष का इस्तीफा हुआ तो कांग्रेस में चली इस हवा को और बल मिल गया है. उपनेता प्रतिपक्ष के इस्तीफा को पद के अनुसार तवज्जो नहीं मिलने से जोड़कर देखा जा रहा है. वहीं लम्बे समय से उपेक्षा झेल रहे नेता फोन लगाकर-लगाकर बता रहे हैं कि ऐसा तो होना ही था. क्योंकि वर्ग विशेष को लेकर अभियान जो चल रहा है.
ये भीपढ़ें: पॉवर गॉशिप: शिवालय में गुप्त पूजा…इंदौर नगर में फिर होगा बड़ा फेरबदल…कार्यपालिक मजिस्ट्रेट का प्रभाव… कमिश्नर बनने कलेक्टर साहब ने रोके काम
नए सूटबूट वाले अफसर की चर्चा
विधानसभा में मंत्रीजी की फजीहत हुई तो इसमें प्रमुख रूप से दिलचस्पी लेने वालों में सूटबूट वाले अफसर भी शामिल रहे. साहब की दिलचस्पी इतनी अधिक रही कि विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के बाद भी लगातार अपडेट लेते रहे. अगले दिन फिर विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो साहब का मोबाइल फिर पूरे समय व्यस्त रहा. इस बात की चर्चा अफसरों के बीच खूब हुई. अफसर सीधे नाम लेने के बजाय नया सूटबूट शब्द कहकर साहब की दिलचस्पी का जिक्र करते रहे.
ये भी पढ़ें: पॉवर गॉशिप: पूर्व मंत्री ने दी मंत्री के मामले को हवा… बने रहने के लिए कलेक्टर ने लगाई पूर्व विधायक के यहां हाजिरी… पूर्व मंत्री की नजर काटकर चलते बने कार्यकर्ता …फिर दिखावे के लिए मिलने लगे
साहब को बड़े शहर में भी नहीं रहना कलेक्टर
बड़े शहर का कलेक्टर बनने के लिए आईएएस को बड़े जोड़भाग से गुजरना पड़ता है, लेकिन एक बड़े शहर के ही बड़े साहब अब कलेक्टर बने रहना नहीं चाहते. कारण बताया जा रहा है कि साहब को जो करना था वो कर लिया है. मन अब किसी प्रमुख विभाग की जिम्मेदारी संभालने का है, सो साहब जिले का कामकाज छोड़कर नई जुगत की तिकड़म में लगे हुए हैं.

