राकेश चतर्वेदी की कलम से
पीएस ने किया मंत्री का आठवीं पास कॉल फेल
मध्य प्रदेश में चले तबादलों के दौर के किस्से अब खुलने लगे हैं. ताजा मामला प्रदेश के एक सीनियर मिनिस्टर्स के कॉल एक प्रमुख सचिव की ओर से जानबूझकर नकारने का आ रहा है. कददावर मंत्री ने प्रमुख सचिव को एक दो नहीं बल्कि पूरे आठ बार मोबाइल पर कॉल किया. प्रमुख सचिव ने न कॉल रिसीव किया, न कॉल ब्रेक किया और न ही मंत्रीजी का वो काम किया जो उनकी ओर से विभागीय मंत्री की नोटशीट से भिजवाया गया था. यह वाक्या और किसी ने नहीं बल्कि खुद सीनियर मिनिस्टर्स के स्टाफ ने ही लीक कर दिया है. विभागीय मंत्री के स्टॉफ में तो यह चर्चा जोरों पर है कि हमारे विभाग के प्रमुख सचिव महोदय ने सीनियर मंत्री का आठवीं पास वाला कॉल भी फेल कर दिया है.
ये भी पढ़ें: पॉवर गॉसिप: कैबिनेट मंत्री खामोश… व्हाइट टॉपिंग में एक्शन, खाली निकले नोटिस… जाति का तोड़ निकालने महामंथन… चतुर्थ श्रेणी वाले सबसे बड़े खबरदार… नेता-पटवारियों के चक्कर में जबरन पिस गए मंत्री-कलेक्टर
मंत्रीजी नहीं मिल रहे बीजेपी के सीनियर नेता से
पद तो प्रदेश पदाधिकारी का है, लेकिन सबसे अधिक कर्मचारियों वाले विभागों में से एक विभाग के मंत्रीजी इन दिनों इन सीनियर नेताजी से मुलाकात करने में परहेज कर रहे हैं. मुलाकात से दूरी बनाने का कारण मंत्री के साथ प्रदेश पदाधिकारी को भली-भांति पता है. प्रदेश पदाधिकारी सीधी मुलाकात कर कार्यकर्ताओं का हवाला देते हुए सिफारिशों वाले तबादले नहीं होने का कारण पूछना चाहते हैं और मंत्रीजी जवाब देने से बचना चाहते हैं. मुलाकात के लिए प्रदेश पदाधिकारी पिछले 13 दिन से लगातार मंत्रीजी से समय मांग रहे हैं. मंत्रीजी भी बड़े होशियार हैं उस दिन का समय तय कर देते हैं, जिस दिन भोपाल के बजाय क्षेत्र में रहना हो और इस बहाने मुलाकात से बच जाते हैं. उधर मुंह पर खरी-खरी सुनाने का मन बना चुके प्रदेश पदाधिकारी भी फॉलोअप लेने से बाज नहीं आ रहे. अब आगे मुलाकात हुई तो मिलन के अंदर की खबर हम आपको जरूर बताएंगे.
बुंदेलखंड के कांग्रेसियों ने कराई राहुल गांधी की किरकिरी
यह किस्सा सोलाना सच है और किरकिरी का कारण बनी है कांग्रेस पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस. जिला कांग्रेस की ओर से छात्रों की गूंज विषय पर केंद्रित प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई. कांग्रेसियों ने बातचीत पूरी की, उसके बाद विषय छात्रों से हटकर संविधान पर फोकस हो गया. दरअसल प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए बैक साइड जो राहुल गांधी का पोस्टर लगाया गया था, उसमें राहुल गांधी संविधान की किताब उल्टी तरफ से पकड़े हुए नजर आ रहे थे. संविधान की उल्टी किताब की चर्चा प्रमुख इलाकों में फेली तो बीजेपी ने जमकर चुटकी ली. अब बुंदेलखंड़ियों के बीच चर्चा तो इस बात की हो रही है कि बुंदेलखंड़ी कांग्रेस ने राहुल गांधी की किरकिरी करवाई करवा दी है.
4 जिला कार्यालयों ने दिखा दिया मुख्य अभियंता ठेंगा
बिना प्रशासकीय स्वीकृति के मनमानी सामने खरीदने के मामले में गांवों के पानी से जुड़े एक विभाग के आठ जिला कार्यालयों ने मुख्य अभियंता को ही ठेंगा दिखा दिया है. शिकायत मिलने पर मुख्य अभियंता ने अपनी कलम से नोटिस जारी कर पहले सात, फिर तीन दिन में जवाब पेश करने के लिए आठ जिलों को नोटिस जारी किया था. नोटिस जारी हुए पूरे तीन महीने हो चुके हैं, लेकिन आठ में से चार कार्यालयों ने बड़े साहब के नोटिस का जवाब देना तक मुनासिब नहीं समझा है. इधर नीचे से चले जैक के चलते बड़े साहब भी तीसरा नोटिस जारी नहीं कर पाए. नोटिस में सालभर की खरीदी का हिसाब-किताब मांगा गया था. कोटेशन के माध्यम से मैकेनिकल सहित अलग-अलग सेक्शन में बाजार से कई गुना अधिक दर पर करोड़ों की खरीदी हुई थी.
ये भी पढ़ें: पॉवर गॉसिप: आ रहे हैं संगठन महामंत्री…विधायकों को कर्नाटक भेजने के लिए दो दिग्गज नहीं थे सहमत…साहब से उम्मीद अभी भी बरकरार…दोष किसी और को क्या देना, खुद को ही दूंगा…
अपनी-अपनी धर्मशाला
माजरा मध्य प्रदेश के एक प्रमुख राजनैतिक दल का है. जहां सब जमा तो होते हैं पार्टी के नाम पर, लेकिन काम एकला ही करते हैं. प्रदेशभर में खुद की उपस्थिति दर्ज होती रहे, पूरा जोर इसी पर रहता है. हद तो तब हो जाती है जब बैठते तो एक-दूसरे के साथ में हैं, लेकिन मौका मिलते ही एक-दूसरे की उपस्थिति काटने में किसी तरह की कोर-कसर नहीं करते. इसके लिए सबसे अधिक सहारा मोबाइल का लिया जाता है. इससे भी बड़ी बात यह है कि यही लोग कहते हुए नजर आते हैं कि अबकी अपनी-अपनी धर्मशाला चल रही है.

