प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। आरटीआई एक्टिविस्ट कॉमरेड पीपी कपूर ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि जीटी रोड स्थित सेक्टर 11-12 के पास कटारिया एस्टेट में विकसित की जा रही अवैध मार्केट को 10 दिन के भीतर ध्वस्त नहीं किया गया, तो वह शहरी विधायक प्रमोद विज और नगर निगम आयुक्त पंकज यादव सहित संबंधित अधिकारियों के खिलाफ लोकायुक्त कोर्ट में केस दर्ज कराएंगे।

करोड़ों के राजस्व की हानि का आरोप

कॉमरेड पीपी कपूर ने मुख्यमंत्री नायब सैनी, विधायक प्रमोद विज, उपायुक्त (DC), नगर निगम आयुक्त, एस्टेट ऑफिसर (HSVP) और डीटीपी को पत्र भेजकर इस अवैध निर्माण पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कपूर ने बताया कि मलिक पेट्रोल पंप के पास लगभग 7,000 वर्ग गज भूमि पर बिना किसी CLU (Change of Land Use) के अवैध मार्केट बनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुमति के प्लॉटिंग कर और पक्की सड़कें बनाकर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का चूना लगाया गया है।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल

कपूर ने प्रशासन के दोहरे रवैये पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि, नगर निगम और जिला नगर योजनाकार (DTP) का पीला पंजा आए दिन गरीब तबके के लोगों के मकानों को अवैध बताकर गिरा देता है, लेकिन शहर के बीचों-बीच धड़ल्ले से काटी जा रही इस अवैध कॉलोनी को रोकने की हिम्मत किसी अधिकारी में नहीं है।

विधायक के संरक्षण का दावा


पीपी कपूर ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि शहर में यह चर्चा आम है कि इस अवैध निर्माण को पर्दे के पीछे से शहरी विधायक प्रमोद विज का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण पूरा प्रशासन अंधा बना हुआ है।

पुराना विवाद और वर्तमान स्थिति

उन्होंने खुलासा किया कि इस जगह पर पहले नर्सरी और गोदाम हुआ करते थे। वर्ष 2022 में भी भू-माफियाओं ने यहां अवैध निर्माण के उद्देश्य से नगर निगम से 6 प्रॉपर्टी आईडी बनवाई थीं, जिन्हें शिकायत के बाद रद्द कर दिया गया था। लेकिन अब एक बार फिर नियमों को ताक पर रखकर यहाँ बड़े-बड़े शोरूम और पक्की सड़कों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।