संभल स्थित श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने जान से मारने की धमकी मिलने की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि पंजाबी भाषा में भेजे गए ऑडियो मैसेज में बम और रॉकेट लॉन्चर से हमले की बात कही गई.
संभल. ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने जान से मारने की धमकी मिलने का दावा किया है. उन्होंने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 24 सितंबर की देर रात उनके निजी नंबर पर कॉल आई थी, जिसके बाद पंजाबी भाषा में एक ऑडियो संदेश भेजा गया.
आचार्य के मुताबिक, ऑडियो में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और बम तथा रॉकेट लॉन्चर से हमला करने की बात कही गई. उन्होंने बताया कि उन्हें पंजाबी भाषा नहीं आती, लेकिन ऑडियो की जानकारी कराने पर पता चला कि संदेश में उनके काम को पाखंड बताया गया और इसे बंद नहीं करने पर हत्या की धमकी दी गई.
फोन कॉल का भी दावा
आचार्य ने बताया कि कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से उनके पास फोन कॉल आ रही थीं. उन्होंने कहा कि इन कॉल को उन्होंने रिसीव नहीं किया था और बाद में धमकी वाला ऑडियो मिलने पर मामले की जानकारी हुई.
उन्होंने बताया कि धमकी की सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस, गृह मंत्रालय, पंजाब पुलिस और संभल पुलिस को दी गई है. वहीं, श्री कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र भेजकर आचार्य प्रमोद कृष्णम और धाम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है.
धाम में कई मंदिर प्रस्तावित
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि श्री कल्कि धाम का निर्माण सनातन धर्म की एकता के संकल्प के साथ किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिलान्यास के बाद धाम का निर्माण कार्य तेजी से चलने का दावा उन्होंने किया.
उन्होंने बताया कि श्री कल्कि धाम में गुरु गोबिंद सिंह, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध के मंदिर प्रस्तावित हैं. आचार्य के अनुसार, इन गतिविधियों के कारण उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं.
पहले भी धमकी का दावा
आचार्य ने खालिस्तान समर्थक और इस्लामी कट्टरपंथी संगठनों पर उन्हें निशाना बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतें भारत को तालिबान और खालिस्तान बनाना चाहती हैं.
आचार्य ने कहा कि अगर उनकी हत्या होती है तो वह इसे अपना बलिदान मानेंगे. उन्होंने सरकार से अपील की कि ऐसी स्थिति में श्री कल्कि धाम ट्रस्ट को अपने अधीन लेकर निर्माण कार्य जारी रखा जाए और धाम में गुरु गोबिंद सिंह का विग्रह स्थापित किया जाए.
पुलिस कर रही जांच
संभल के एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आचार्य प्रमोद कृष्णम को धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है. उन्होंने कहा कि धमकी वाला संदेश कहां से आया, इसकी जांच कराई जा रही है और आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
आचार्य की ओर से जिस व्यक्ति का नाम कुलबीर सिंह सिद्धू बताया गया है और जिसे उन्होंने बब्बर खालसा संगठन का सरगना बताया, इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के स्तर पर होना बाकी है.


