कुंदन कुमार, पटना। बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक लगातार अपने प्रत्याशियों के समर्थन में घूम-घूमकर प्रचार करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच आज शुक्रवार (9, अक्टूबर) को राजधानी पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने चुनाव और SIR पर हो रहे विरोध पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
तब तक होता रहेगा विरोध- पीके
SIR पर हो रहे विरोध पर प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, 8-10 वर्षों से चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगे हैं, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होना चाहिए, बिहार में मतदान से दो दिन पहले तक वोट खरीदे गए और चुनाव आयोग मूकदर्शक रहा; जब तक चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी नहीं होगी, विरोध होगा।
जन सुराज ने लोकतंत्र को किया जिंदा- पीके
इस दौरान प्रशांत किशोर ने चुनाव को खर्चीला बनाने के आरोप पर कहा कि, प्रशांत किशोर और जन सुराज लोकतंत्र को जिंदा कर रहे हैं, पहले नेता ‘लालू जी का जंगलराज आ जाएगा’ कह जीतते थे, अब सरकार को 20 हजार करोड़ रुपये खर्च करने पड़े। हमारी वजह से सरकार को थोड़ी मेहनत-पैसा खर्च करना पड़ा। हमने बिहार के लोगों को दिखाया कि आप वोट के लिए 10 हजार रुपये मांगेंगे तो मिलेगा, शिक्षा-रोजगार मांगेंगे तो वो भी मिलेगा।
‘औकात से ऊपर उठकर बोलने लगे थे नीरज कुमार’
इस दौरान प्रशांत किशोर ने जदयू से एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। पीके ने कहा कि, नीरज कुमार अपनी औकात से ऊपर उठकर बोलने लगे थे, इसलिए उनका अंत सुनिश्चित कर दिया है। आज फिर दावा करता हूं, नीतीश कुमार मीडिया के सामने एक मिनट कह दें कि नीरज कुमार हमारे साथ रहे हैं और इन्हें मेरा समर्थन है, तो मैं अपना उम्मीदवार वापस ले लूंगा।
गौरतलब है कि पटना स्नातक सीट ने फिर से नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनया है। वहीं, जन सुराज ने यहां से अनुज कुमार सिंह को मैदान में उतारा है, जिनका समर्थन जदयू के विधायक अनंत सिंह भी कर रहे हैं।
सभी 8 सीटों पर जन सुराज ने उतारे हैं उम्मीदवार
बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव में सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से श्यामनंद यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।
ये भी पढ़ें- ‘बिहार को बनाना है अपराध मुक्त’, CM सम्राट ने पुलिस अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश

