Pratapgarh Forest Ranger Death: प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गए क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार रात ड्यूटी के दौरान मिट्टी से भरे डंपर की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे महज हादसा नहीं, बल्कि हत्या बताते हुए सरकार पर निशाना साधा और खनन माफिया के दुस्साहस पर सवाल उठाए।

डंपर ने बाइक समेत रेंजर को 50 मीटर तक घसीटा
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे वन विभाग के अधिकारियों को छोटीसादड़ी क्षेत्र के वन इलाके में अवैध खनन की सूचना मिली। इसके बाद करीब 40 वर्षीय रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत एक वनपाल के साथ मौके पर पहुंचे। श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर के पास वन विभाग की टीम को मिट्टी से भरा डंपर दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि रेंजर ने डंपर को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी।
डंपर ने रेंजर को उनकी बुलेट बाइक समेत चपेट में ले लिया। बाइक और रेंजर को करीब 50 मीटर तक घसीटने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद डंपर और जेसीबी चालक के भी मौके से भागने की जानकारी सामने आई है।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया
घटना के बाद रेंजर के साथ मौजूद वनपाल ने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल प्रताप सिंह चूंडावत को तत्काल छोटीसादड़ी के जयचंद मोहिल उपजिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में सीएचसी प्रभारी डॉ. विजय कुमार गर्ग और चिकित्सा अधिकारी संजय गुप्ता ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें निम्बाहेड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, उपचार के दौरान प्रताप सिंह चूंडावत ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे।
रेंजर की मौत पर डोटासरा ने सरकार को घेरा
घटना को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन विभाग के रेंजर को डंपर से कुचलना और इलाज के दौरान उनकी मौत बेहद पीड़ादायक है। डोटासरा ने इस घटना को केवल हादसा मानने के बजाय हत्या बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में खनन माफिया इतना बेखौफ कैसे हो गया कि अधिकारियों की जान लेने से भी नहीं डर रहा।
कार्रवाई की मांग
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसका ध्यान कानून-व्यवस्था और खनन माफिया पर लगाम लगाने के बजाय राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित है। उन्होंने घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डोटासरा ने रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
छोटीसादड़ी थाना अधिकारी कैलाश चंद्र सोनी के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल के बाहर मौजूद परिजन रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत को शहीद का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने वाले वन विभाग और अन्य सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पढ़ें ये खबरें
- रिहायशी इलाके में पटाखों का अवैध भंडारण, पुलिस ने छापेमारी कर 8.56 लाख के पटाखे किए जब्त, आरोपी गिरफ्तार
- पानीपत में बाइक को टक्कर के बाद फायरिंग, जान बचाने खेत में भागे चाचा-भतीजा
- डिप्टी CM जगदीश देवड़ा के OSD रहे अधिकारी पर गिरी गाज! 1 करोड़ रुपये रिश्वत के आरोपों में दीपम रायचुरा निलंबित
- UP Board Exam Date: यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का टाइमटेबल जारी! 5 फरवरी से इम्तिहान, चेक करें पूरा शेड्यूल
- नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे दिल्ली पुलिस के सिपाही की मौत

