प्रयागराज. दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी आंदोलन तेज होता दिखाई दे रहा है. शनिवार को प्रयागराज में CJP (Cockroach Janata Party/छात्र आंदोलन) के समर्थन में हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए.
तेज बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ. छात्रों ने बारिश में डांस करते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई.
इसे भी पढ़ें- शिक्षा, सरकार और सियासतः छात्र आंदोलनों को लेकर सरकार-विपक्ष बरसीं मायावती, चिंता जाहिर करते हुए दे दिया बड़ा बयान
बारिश में भी नहीं रुका विरोध प्रदर्शन
सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र शहर के विभिन्न हिस्सों से जुटने लगे. बारिश शुरू होने के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा. कई छात्र तिरंगा और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे, जबकि कुछ युवाओं ने बारिश में नाचते हुए विरोध दर्ज कराया. पूरे इलाके में “पेपर लीक बंद करो” और “छात्रों को न्याय दो” जैसे नारे गूंजते रहे.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि NEET पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.
प्रदेश के अन्य शहरों में भी दिखा असर
प्रयागराज के अलावा लखनऊ और वाराणसी में भी छात्र संगठनों ने प्रदर्शन कर आंदोलन के प्रति समर्थन जताया. विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार से छात्रों के साथ संवाद स्थापित करने और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की. कई जगह पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.
इसे भी पढ़ें- 15 लोगों की जान लेने वाली ‘मौत की बिल्डिंग’ पर चला बुलडोजर, लखनऊ में LDA का बड़ा एक्शन
सरकार से बातचीत की उम्मीद, लेकिन आंदोलन जारी
हालांकि सरकार की ओर से प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत के संकेत मिले हैं, लेकिन छात्र संगठनों का कहना है कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय चाहिए. आंदोलनकारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.


