प्रयागराज. प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर मनौरी एयरफोर्स स्टेशन के पास अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. फैक्ट्री के मालिक नौशाद को मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक, नौशाद शहर छोड़कर भागने की फिराक में था. सैय्यद सरावां इलाके में घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.

इसे भी पढ़ें- अगस्त की बारिश ने सुधारी यूपी में मानसून की तस्वीर, आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

घेराबंदी होते ही पुलिस पर की फायरिंग

सीओ शिवांक सिंह के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि नौशाद शहर से बाहर भागने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने सैय्यद सरावां इलाके में उसकी घेराबंदी की. पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर नौशाद ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने नौशाद के पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विस्फोट के बाद वह कहां-कहां छिपा था और फरार होने में किसने उसकी मदद की.

एयरफोर्स स्टेशन के पास हुआ था भीषण विस्फोट

सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे मनौरी एयरफोर्स स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर दूर संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था. धमाका इतना भीषण था कि फैक्ट्री पूरी तरह तबाह हो गई और आसपास के कई मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा. हादसे में फैक्ट्री के आसपास रहने वाले 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई. एक रेलवे कर्मचारी का पूरा परिवार इस हादसे में खत्म हो गया. परिवार की सिर्फ एक बेटी जिंदा बची. पांच अन्य लोग घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

छह आरोपियों पर मुकदमा, अवैध फैक्ट्री की जांच तेज

पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री में नियमों की अनदेखी करते हुए पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था. मामले में पिपरी थाने में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों में नौशाद के अलावा शकील, शबाना, कहकसा बानो, आदिल और साइना के नाम शामिल हैं. घटना के बाद पुलिस ने शबाना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी. अब नौशाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फैक्ट्री के संचालन, पटाखों की खरीद-फरोख्त और अन्य आरोपियों की भूमिका की जानकारी जुटाएगी.

इसे भी पढ़ें- मायावती का बड़ा दांव! 9 अक्टूबर को लखनऊ में जुटेंगे लाखों BSP कार्यकर्ता, क्या है खास?

लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई

हादसे के बाद ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में पिपरी थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है. एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया था. अब नौशाद की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मनौरी में अवैध पटाखा फैक्ट्री कितने समय से चल रही थी और नियमों की अनदेखी के बावजूद इसके खिलाफ पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई. पुलिस फैक्ट्री में रखे विस्फोटक पदार्थों की मात्रा और हादसे की वास्तविक वजह की भी जांच कर रही है.