लखनऊ. उत्तर प्रदेश में जून और जुलाई के दौरान कमजोर रहा मानसून अगस्त में हुई जोरदार बारिश से काफी हद तक संभल गया है. अगस्त में प्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई. हालांकि, 1 जून से 31 अगस्त तक कुल बारिश अभी भी सामान्य से सात प्रतिशत कम है. मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के दक्षिणी हिस्से के 11 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी पर FIR से भड़की कांग्रेस, लखनऊ में निकाला विरोध मार्च

अगस्त में सामान्य से 24% ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 31 अगस्त तक उत्तर प्रदेश में कुल 552.8 मिमी बारिश हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 593.1 मिमी मानी जाती है. इस तरह मानसून सीजन में बारिश सामान्य से सात प्रतिशत कम रही. अकेले अगस्त में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक बारिश होने से मानसून की स्थिति में सुधार हुआ है. सोमवार को मुरादाबाद में सबसे ज्यादा 149 मिमी बारिश दर्ज की गई. प्रयागराज में 132 मिमी और चित्रकूट में 67 मिमी बारिश हुई.

11 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, रायबरेली और अमेठी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या समेत 24 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है.

53 जिलों में वज्रपात की आशंका

मौसम विभाग ने प्रदेश के 53 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव क्षेत्र आगे बढ़ रहा है. मानसून ट्रफ के साथ वातावरण में नमी मौजूद होने के कारण मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

इसे भी पढ़ें- गन्ना ढुलाई पर अब डिजिटल पहरा, GPS से होगी 24 घंटे ट्रैकिंग, किसानों को मिलेगा पूरा वजन

सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ

अगस्त की बारिश ने प्रदेश में गर्मी से भी राहत दिलाई है. सोमवार को बारिश के बाद ज्यादातर इलाकों में तापमान नीचे आया. राजधानी लखनऊ में महीने के आखिरी दिन 12.2 मिमी बारिश दर्ज हुई. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सितंबर की शुरुआत में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कम दबाव वाले सिस्टम के प्रभाव से लखनऊ समेत कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है. ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश में मानसून की स्थिति और बेहतर होने की उम्मीद है.