राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के विरोध में सोमवार देर शाम लखनऊ में कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से विरोध मार्च निकाला. कांग्रेस ने एफआईआर निरस्त कर शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
सतीश सिंह, लखनऊ. कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा मल्लिकार्जुन खड़गे की उत्तराखंड में जनसभा के मंच के शुद्धिकरण करने के दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के विरोध में सोमवार देर शाम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से विरोध मार्च निकाला गया.
अजय राय ने किया नेतृत्व
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मार्च का नेतृत्व करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार दलित विरोधी सरकार है. कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष एवं दलित समाज से आने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं. हल्द्वानी में उनकी जनसभा के बाद भाजपा के लोगों द्वारा मंच का शुद्धिकरण किया गया, जो संविधान विरोधी और आपराधिक दंडनीय कृत्य है. यह अस्पृश्यता एवं भेदभाव कानून का उल्लंघन है.

एफआईआर निरस्त करने की मांग
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार द्वारा इस अपराध के विरुद्ध दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के बजाय कार्रवाई की मांग करने वाले नेता राहुल गांधी के विरुद्ध फर्जी एफआईआर दर्ज करा दी गई है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है.
अजय राय ने मांग की कि तत्काल राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए.


