रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित भोजशाला में सालों बाद शुक्रवार को बसंत पंचमी पड़ी। जिसके बाद एक साथ पूजा के साथ जुमे की नमाज करवाने को लेकर प्रशासन और पुलिसकर्मियों की चिंता बढ़ गई थी। लेकिन बिना किसी विवाद के शांतिपूर्ण तरीके से बसंत पंचमी का पर्व संपन्न हो गया। इस चुनौती के पूरा होने पर पुलिसकर्मियों ने अपनी थकान डीजे की धुन पर डांस कर मिटाई।
बता दें कि धार में बसंत पंचमी पर भोजशाला कमाल मौला मस्जिद में कोर्ट के आदेश अनुसार पूजा और नमाज सफल करवाने के लिए प्रशासन ने हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए थे। जिनकी कड़ी मेहनत के कारण धार में शांति है और एक बड़ा आयोजन सुरक्षा के बीच सुरक्षित और शांति से निपट गया।
पुलिसकर्मियों ने लंबी ड्यूटी की थकान के बाद आज चैन की सांस ली और जश्न मनाया। जहां पुलिसकर्मी डीजे की धुन पर खूब थिरके, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं लोग भी प्रशासन के काम की प्रशंसा कर रहे हैं।

