जयपुर: राजस्थान में मानसून से पहले प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में प्रवेश करने की आशंका जताई है, लेकिन उससे पहले ही राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और तेज अंधड़ का दौर शुरू हो चुका है। साथ ही 7 जून तक कई जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों को मिली गर्मी से राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार अलसुबह जहां झीलों की नगरी उदयपुर में अच्छी बरसात हुई, वहीं राजधानी जयपुर में गुरुवार रातभर रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को भी गर्मी से राहत मिली है।
अंधड़ और तूफान में 4 की मौत
धौलपुर, भरतपुर और भीलवाड़ा में तेज अंधड़ और तूफान के कारण एक महिला समेत 4 लोगों की मौत हो गई। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई घरों के छप्पर तक उड़ गए। इसके अलावा गुरुवार शाम को श्रीगंगानगर में भी तूफानी बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट
जयपुर मौसम केंद्र ने 7 जून तक आंधी और तूफान के साथ ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो इस प्री-मानसून एक्टिविटी का सबसे ज्यादा असर पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में देखने को मिलेगा। शुक्रवार को मौसम विभाग ने 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बारिश का ऑरेंज अलर्ट
श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और बूंदी।
बारिश का यलो अलर्ट
बीकानेर, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, बारां और झालावाड़।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

