प्रवीण भारद्धाज,पानीपत। रामपुरा कॉलोनी में एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका सारंगी पांच महीने की गर्भवती थी और उसका एक बेटा भी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया है।
परिजनों ने मृतका के पति, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सारंगी की शादी साल 2023 में हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से लगातार बाइक और सोने की चेन की डिमांड की जा रही थी। इसके साथ ही परिजनों ने पति के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध होने की बात भी कही है, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद रहता था।
मृतका के परिवार की स्थिति पहले से ही काफी संघर्षपूर्ण रही है। सारंगी की पांच बहनें और एक भाई है, जबकि उसके पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की जांच में जुट गई है।

