Preity Zinta-Brett Lee Affair Rumors: बॉलीवुड अभिनेत्री और पंजाब किंग्स की सह-मालकिन प्रीति जिंटा के साथ अपने कथित रिश्ते की खबरों को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने बड़ा बयान दिया है। लंबे समय से चली आ रही इन अफवाहों पर पहली बार खुलकर बात करते हुए ब्रेट ली ने साफ किया कि उनके और प्रीति जिंटा के बीच कभी कोई प्रेम संबंध नहीं था।

ब्रेट ली ने एक मीडिया इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने कभी किसी बॉलीवुड अभिनेत्री को डेट नहीं किया। उन्होंने प्रीति जिंटा को लेकर कहा कि वह उनकी अच्छी दोस्त थीं और आज भी हैं।
उन्होंने कहा, “ये आपकी बड़ी खबर है- मैंने कभी किसी बॉलीवुड अभिनेत्री को डेट नहीं किया। प्रीति जिंटा और मैं तब भी अच्छे दोस्त थे और आज भी हैं। वह उस समय पंजाब टीम की मालिक थीं। वह बेहद समझदार महिला हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं।”
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने कहा कि इस तरह की चर्चाओं से उन्हें कभी परेशानी नहीं हुई, क्योंकि उन्हें सच्चाई पता थी। उन्होंने कहा कि लोग अपनी तरफ से चाहे जितनी भी अटकलें लगाएं, लेकिन उन्होंने कभी इन बातों को खुद पर हावी नहीं होने दिया।
आईपीएल के शुरुआती दौर में शुरू हुई थी चर्चा

प्रीति जिंटा और ब्रेट ली के अफेयर की खबरें साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत के बाद चर्चा में आई थीं। ब्रेट ली उस समय किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) टीम का हिस्सा थे।
ब्रेट ली ने साल 2008 से 2010 तक पंजाब फ्रेंचाइजी के लिए खेला। इसी दौरान टीम की मालकिन प्रीति जिंटा के साथ उनकी दोस्ती को लेकर मीडिया में कई तरह की खबरें सामने आईं।
हालांकि, दोनों ने कभी इन खबरों की पुष्टि नहीं की और हमेशा एक-दूसरे को अच्छा दोस्त बताया।
प्रीति जिंटा ने भी अफवाहों को बताया था गलत

साल 2010 में प्रीति जिंटा ने भी इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए अफेयर की चर्चाओं को खारिज कर दिया था।
उन्होंने कहा था, “हर साल मेरा नाम ब्रेट के साथ जोड़ना अब पुरानी और बासी खबर हो गई है। इसलिए माफ कीजिए, यहां कोई खबर नहीं है। हम सिर्फ दोस्त हैं।”
ब्रेट ली की निजी जिंदगी

ब्रेट ली ने साल 2006 में एलिजाबेथ केम्प से शादी की थी। दोनों का एक बेटा भी है। हालांकि, शादी ज्यादा समय तक नहीं चल सकी और साल 2009 में दोनों का तलाक हो गया।
इसके बाद ब्रेट ली ने साल 2014 में लाना एंडरसन से शादी की। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं।

फिल्मों और क्रिकेट से जुड़ी हैं प्रीति जिंटा
प्रीति जिंटा लंबे समय से बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल रही हैं। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में वह फिल्मों में कम नजर आई हैं। प्रीति जिंटा के पति का नाम जीन गुडइनफ (Gene Goodenough) है। दोनों ने 29 फरवरी 2016 को लॉस एंजेलिस में एक निजी समारोह में शादी की थी। वे फाइनेंस और एनर्जी सेक्टर से जुड़े हैं और लाइमलाइट से दूर रहते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बटवारा 1947’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता सनी देओल भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
इसके अलावा प्रीति जिंटा क्रिकेट से भी लगातार जुड़ी हुई हैं। वह आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स की सह-मालकिन हैं और टीम के मुकाबलों के दौरान अक्सर स्टेडियम में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए नजर आती हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


