वृंदावन में आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज के 25 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी उर्फ दीपक कुमार की मौत के मामले में एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. पुलिस प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रहा है और अब तक 25 लोगों से पूछताछ कर चुका है.
मथुरा. जिले के अंतर्गत वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी उर्फ दीपक कुमार की आत्महत्या के मामले में एक नया सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया है. 25 सितंबर को आश्रम के पीछे बनी एक अपार्टमेंट सोसाइटी की चौथी मंजिल से कूदकर उन्होंने अपनी जान दे दी थी. घटना के बाद से लगातार सामने आ रहे वीडियो के आधार पर पुलिस मौत की असल वजहों की तलाश में जुटी हुई है.
सीढ़ियों पर खून से लथपथ धोती
घटनाक्रम का दूसरा फुटेज 27 सितंबर को सामने आने के बाद सोमवार को तीसरा सीसीटीवी वीडियो सार्वजनिक हुआ. फुटेज में दिख रहा है कि 25 वर्षीय रसिक दुलारी सीढ़ियों के जरिए अपार्टमेंट की चौथी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं. उन्होंने शरीर पर गमछा और सफेद रंग की धोती पहन रखी है, जो खून से सनी हुई नजर आ रही है. वह लगभग 15 सीढ़ियां चढ़कर चौथी मंजिल पर पहुंचे थे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटें
घटना के बाद पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया. जांच रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर 7 स्थानों पर चोटों के निशान मिले हैं, जिनमें गुप्त अंगों पर लगी गंभीर चोटें भी शामिल हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब तक आश्रम से जुड़े लगभग 25 लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज कर चुकी है, हालांकि मौत का मुख्य कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.
जबलपुर के रहने वाले थे दीपक
मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक कुमार दो साल पहले वृंदावन आए थे. संत प्रेमानंद महाराज के प्रति भक्ति भाव से प्रभावित होकर उन्होंने उनसे दीक्षा ली और अपने परिवार को छोड़कर आश्रम में ही रहने लगे थे. इस दुखद हादसे के बाद से श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में सन्नाटा पसरा हुआ है. उल्लेखनीय है कि संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा 15 जुलाई से स्थगित है और वे इस समय बेलवान मंदिर के पास एकांतवास में रह रहे हैं.
एसपी सिटी ने दी जानकारी
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि 25 सितंबर को घटित इस घटना को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से जांच में जुटी है. आश्रम के कई लोगों के अलग-अलग बयान दर्ज किए गए हैं. सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए नए वीडियो को भी जांच में शामिल कर लिया गया है और जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

