मथुरा. वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महराज (Premanand Maharaj) का स्वास्थ्य (Health) बीते कुछ दिनों से खराब है. 17 मई से उनकी रात्रि पदयात्रा भी बंद है. इस बीच महराज जी ने एक भावुक वीडियो (video) जारी किया है. वीडियो में वे कह रहे हैं कि बिलकुल चिंता नहीं करनी है. मैं मिलूं न मिलूं, बोलूं न बोलूं, आऊं न आऊं, बिना बोले तुम्हारे दिमाग में हम होंगे, देख लेना. सब श्रीजी के चरणों में पहुंचें.

महराज जी वीडियो में कह रहे हैं कि ‘बिल्कुल चिंता ना करो, हम मिलें ना मिलें, बोलें ना बोलें, हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं. यदि तुम्हें प्यार पर विश्वास है तो. और सबको चाहते हैं कि श्रीजी की कृपा प्राप्त हो. सब श्रीजी के चरणों तक पहुंचें. अंतिम बात यही बिल्कुल चिंता नहीं करनी मैं मिलूं न मिलूं, बोलूं न बोलूं, आऊं न आऊं, ना ये चिंता करनी कैसे कैसे हमारा उत्थान होगा, बिना बोले हम तुम्हारे दिमाग में होंगे. देख लेना.’

इसे भी पढ़ें : प्रेमानंद महराज की तबीयत बिगड़ी, यात्रा और एकांत वार्ता कार्यक्रम स्थगित

महराज जी ने आगे कहा कि ‘तुम वही करोगे जो गुरुदेव कहेंगे. आप बिल्कुल निश्चिंत रहिएगा. जो जहां जिस सेवा में है वो सेवा में रहिएगा. खूब नाम जप करो. हम रहें ना रहें, आए ना आएं, मिले ना मिलें तुम्हारा मंगल होगा.’

बता दें कि 18 मई को उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आई थी. आश्रम की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया था कि वृंदावन के परिक्रमा मार्ग से संत प्रेमानंद महाराज सुबह 3.00 बजे अपनी पदयात्रा प्रारंभ करते थे और भक्तों को दर्शन देते थे. आश्रम की ओर से जारी सूचना में कहा गया था कि महाराज जी का स्वास्थ्य ठीक होने के बाद फिर से श्रद्धालु उनके दर्शन और एकांत वार्ता में शामिल हो सकेंगे.