रांची। जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार शाम 7 बजे से शुरू होने वाले मुकाबले को लेकर स्टेडियम में सुरक्षा से लेकर प्रसारण और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। मैच से पहले जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने दर्शकों से अपील की है कि वे स्टेडियम में प्रतिबंधित सामान लेकर न पहुंचें और अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें।
हेलमेट, पानी की बोतल और बैग पर रोक
अजय नाथ शाहदेव ने बताया कि स्टेडियम में हेलमेट, पानी की बोतल और किसी भी तरह का बैग लेकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में दर्शक प्रतिबंधित सामान लेकर स्टेडियम न आएं, ताकि प्रवेश के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने दर्शकों से अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करने की भी अपील की है।
दोनों टीमों ने किया अभ्यास
जेएससीए अध्यक्ष ने बताया कि गुरुवार को भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों ने स्टेडियम में अभ्यास किया। मैच को लेकर मैदान की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। कैमरा, प्रसारण और मैच से जुड़ी अन्य तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है।
दर्शकों से मैदान में प्रवेश की कोशिश नहीं करने की अपील
अजय नाथ शाहदेव ने दर्शकों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में मैदान के अंदर प्रवेश करने की कोशिश न करें। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में क्रिकेट को लेकर हमेशा जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है। इस बार भी जेएससीए स्टेडियम में दर्शकों का उत्साह और जोश नजर आएगा।
रूपी सोरेन के निधन पर जताया शोक
जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है। मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन परिवार में हुए दुखद निधन के कारण उनकी ओर से कोई भी सदस्य कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएगा।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और दुख की इस घड़ी में शोक-संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

