सुमन चौहान,करनाल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में करनाल जिले में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सतपाल ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों—करनाल, घरौंडा, असंध, मुनक, निसिंग, नीलोखेड़ी, इंद्री और कुंजपुरा—में योग प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ‘हर घर योग-घर-घर योग’, ‘फिट हरियाणा’, ‘हरित योग’ और ‘योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा’ का संदेश आमजन तक पहुंचाना तथा अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण देना है।

1,258 स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया योग प्रशिक्षण

हरियाणा योग आयोग के नोडल अधिकारी एवं योग विशेषज्ञ डॉ. अमित पुंज ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा एवं नोडल अधिकारी डॉ. दिनकर की देखरेख में जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और उपमंडल स्वास्थ्य केंद्रों में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। इनमें कुल 1,258 अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग प्रशिक्षण प्राप्त किया।

बाल भवन में बच्चों के लिए विशेष योग शिविर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बाल भवन में 1 जून से 21 जून तक विशेष योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू चौधरी के मार्गदर्शन में चल रहे इस शिविर में आयुष विभाग की योग प्रशिक्षक कुमारी गुंजन बच्चों को प्रशिक्षण दे रही हैं। बुधवार को शिविर में 155 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 40 लड़के और 115 लड़कियां शामिल रहीं।

जिला जेल में 496 कैदियों ने किया योगाभ्यास

जिला कारागार करनाल में भी 1 जून से 21 जून तक विशेष योग शिविर चलाया जा रहा है। योग विशेषज्ञ डॉ. अमित पुंज की देखरेख में योग प्रशिक्षक मुन्ना कुमार और कांता कैदियों को योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दे रहे हैं। बुधवार को करीब 496 कैदियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।

शिविर के दौरान मंत्रोच्चार, सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि ध्यान (मेडिटेशन) मन को एकाग्र और शांत रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। कैदियों को प्रतिदिन नाड़ी शोधन प्राणायाम करने की सलाह भी दी गई।

181 स्थानों पर चल रही योग कक्षाएं

डॉ. अमित पुंज ने बताया कि जिले में विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से कुल 181 स्थानों पर प्रतिदिन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें—

पतंजलि योग समिति – 150 केंद्र
मेरा मिशन स्वस्थ भारत – 20 केंद्र
भारतीय योग संस्थान – 8 केंद्र
करण योग संस्थान – 1 केंद्र
हमारा मिशन स्वस्थ भारत – 1 केंद्र
हार्टफुलनेस संस्थान – 1 केंद्र शामिल हैं। इन कक्षाओं में प्रतिदिन 5,000 से अधिक योग साधक भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।