गुरुग्राम। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। जिले की 10 पंचायतों में पंच पद हेतु नामांकन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें से 4 पंचायतों में पंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि 6 पंचायतों में कोई भी नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।


जिला प्रशासन के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि खंड पटौदी की ग्राम पंचायत बासपदमका में सरपंच पद के लिए राजवीर सिंह (पुत्र रविंद्र सिंह) को साइकिल, राजीव कुमार (पुत्र मुकेश कुमार) को कांच का गिलास तथा वीरेंद्र सिंह (पुत्र लाल सिंह) को नारियल का पेड़ चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है।


इसी प्रकार खंड सोहना की पंचायत समिति के वार्ड नंबर 5 से मीना (पत्नी धर्मेंद्र) को ब्लैक बोर्ड तथा रेखा (पत्नी परवीन कुमार) को दीवार घड़ी चुनाव चिन्ह के रूप में दिया गया है।


मतदान 10 मई को, मतगणना मौके पर ही होगी
प्रवक्ता के अनुसार मतदान 10 मई (रविवार) को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक संपन्न होगा। मतदान समाप्त होते ही संबंधित मतदान केंद्र पर ही मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। यदि पुनर्मतदान की आवश्यकता होती है तो 12 मई (मंगलवार) की तिथि निर्धारित की गई है। पुनर्मतदान का परिणाम भी मतगणना के तुरंत बाद जारी किया जाएगा।