Odisha Desk, गंजम: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने ओडिशा दौरे के दौरान गंजम जिले के प्रसिद्ध पर्यटन व आध्यात्मिक स्थल तप्तपानी पहुंच चुकी हैं। तप्तपानी पन्थ निवास पहुँचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। अपने इस प्रवास के दौरान राष्ट्रपति प्रसिद्ध माँ कंधुणी देवी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से एक विशेष ट्रेन के जरिए अपनी यात्रा शुरू की और ब्रह्मपुर (बेरहामपुर) रेलवे स्टेशन पहुंचीं। इसके बाद, वे ब्रह्मपुर से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय कर सड़क मार्ग से कार द्वारा तप्तपानी पहुंचीं।
तप्तपानी में पूजा-अर्चना और स्थानीय कार्यक्रमों के बाद, राष्ट्रपति शाम को ब्रह्मपुर लौट आएंगी। वे गोपालपुर स्थित आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज (AADC) में रात्रि विश्राम करेंगी। दौरे के अगले दिन वे पुनः विशेष ट्रेन से भुवनेश्वर लौटेंगी। राष्ट्रपति के इस दौरे के मद्देनजर रेल नेटवर्क, सड़क मार्गों और उनके पड़ाव स्थलों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
ओडिशा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यह दूसरी ट्रेन यात्रा है। इससे पहले उन्होंने 21 नवंबर 2023 को बादामपहाड़-शालीमार एक्सप्रेस से अपने पैतृक क्षेत्र बादामपहाड़ से रायरंगपुर तक ट्रेन से सफर किया था।
इसके अलावा, पिछले साल सितंबर महीने में उन्होंने नई दिल्ली से वृंदावन होते हुए मथुरा तक भी ट्रेन से यात्रा की थी।राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर गंजम जिले और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


