अहमदाबाद/वडोदरा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के तीन दिवसीय गुजरात दौरे का आज (23 सितंबर) दूसरा दिन है। दौरे के पहले दिन मंगलवार को उन्होंने नर्मदा जिले के एकता नगर (केवडिया) स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के समीप आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में कला जगत की दिग्गज हस्तियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में कार्तिक आर्यन और मम्मूटी तथा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए यामी गौतम को सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने लोकप्रिय कलाकारों से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का विज्ञापन न करने की अपील की और कहा, “स्टार वही है जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं।”

महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह

गुजरात दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति के वडोदरा जिले में दो प्रमुख कार्यक्रम तय हैं। अपने पहले कार्यक्रम में वह वडोदरा की ऐतिहासिक महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (MSU) के 75वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। लगभग 77 वर्ष पहले बड़ौदा कॉलेज से यूनिवर्सिटी के रूप में स्थापित हुई इस प्रतिष्ठित संस्था के समारोह में राष्ट्रपति 202 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित करेंगी।

ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक केंद्र का लोकार्पण

दीक्षांत समारोह के पश्चात राष्ट्रपति वडोदरा के ताजपुर रोड (पादरा क्षेत्र) स्थित ब्रह्माकुमारीज संस्थान के नवनिर्मित ‘ग्लोबल स्पिरिचुअल पैलेस रिट्रीट सेंटर’ का लोकार्पण करने जाएंगी। यह सेंटर आध्यात्मिक चिंतन और आत्मिक जागृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ‘विश्व नवनिर्माण हेतु आध्यात्मिक जागरण प्रोजेक्ट’ का शुभारंभ करेंगी और ‘विकसित भारत के लिए युवा: राष्ट्र निर्माण के लिए आंतरिक शक्ति की जागृति’ अभियान की शुरुआत भी करेंगी। इन कार्यक्रमों में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए वडोदरा के पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार के अनुसार सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रोटोकॉल के तहत शहर में यातायात डायवर्जन लागू किए गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें