President Murmu Odisha Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 और 29 अक्टूबर को ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे के दौरान राष्ट्रपति रायरंगपुर और बादामपहाड़ में नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगी और नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगी।
29 अक्टूबर को रेलवे स्टेशनों का करेंगी उद्घाटन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 29 अक्टूबर को रायरंगपुर और बादामपहाड़ के नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगी। इसके साथ ही रायरंगपुर-बादामपहाड़-पुरी नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को पुरी आने-जाने के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी। टाटानगर से चाईबासा होते हुए पुरी जाने वाली इस ट्रेन के कुल 19 वाणिज्यिक ठहराव निर्धारित किए गए हैं।
28 अक्टूबर को मां किचकेश्वरी मंदिर में करेंगी दर्शन
राष्ट्रपति 28 अक्टूबर को मयूरभंज जिले के रायरंगपुर स्थित दांडबोस हवाई पट्टी पहुंचेंगी। यहां से वे बहलदा स्थित मां किचकेश्वरी मंदिर जाएंगी और पूजा-अर्चना करेंगी।
इसके बाद महुलडीहा स्थित लक्ष्मी मंडप का दौरा प्रस्तावित है। राष्ट्रपति अपने निजी आवास पर भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसी दिन वे रक्षा मेगा हेल्थ कैंप और नेत्र चिकित्सा शिविर के समापन समारोह में भी हिस्सा लेंगी।
खेल छात्रावास की करेंगी घोषणा
दौरे के दूसरे दिन 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति रायरंगपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नए खेल छात्रावास की घोषणा करेंगी। इसके अलावा बहु-कौशल विकास केंद्र का दौरा भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।
इसके बाद राष्ट्रपति रायरंगपुर और बादामपहाड़ रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगी और नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे कालाइकुंडा वायुसेना स्टेशन के रास्ते दिल्ली रवाना होंगी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक
राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों को लेकर ओडिशा के मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
पहले 27-28 अक्टूबर बताई गई थी तारीख
राष्ट्रपति के ओडिशा दौरे की संभावित तारीख पहले 27 और 28 अक्टूबर बताई गई थी। अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 और 29 अक्टूबर को ओडिशा के दौरे पर रहेंगी।

