आशुतोष द्विवेदी, रीवा। रीवा रेलवे स्टेशन पर फुटब्रिज निर्माण के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। निर्माण कार्य के दौरान कंक्रीट का प्रेशर पाइप अचानक फट गया, जिसकी चपेट में आने से एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान श्रमिक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय इंद्रपाल साकेत, निवासी खैरी बस्ती, थाना चोरहटा, रीवा के रूप में हुई है। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए रीवा-सतना मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों की मांग है कि हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं, पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

