हेमंत शर्मा, इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में एक बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां के पूर्व परिचित ने पहले महिला को धमकाकर अपने साथ रहने के लिए दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर 2 लाख रुपये देने या उसकी बेटी को उठा ले जाने की धमकी दी थी। आरोप है कि 28 सितंबर को आरोपी ने धमकी को हकीकत में बदलते हुए बच्ची को एक्टिवा से अगवा कर लिया। मामले की सूचना मिलते ही हीरानगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की और करीब 4 घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घर लौट रही थी मां, तभी दिखा आरोपी बेटी को ले जाते हुए

पुलिस के अनुसार, महिला हीरानगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहती है और रेडीमेड कॉम्प्लेक्स में काम करती है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी आकाश माहोर मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है और उसके पुराने घर के आसपास रहता था। महिला का आरोप है कि पिछले करीब दो साल से आरोपी उसे फोन कर परेशान कर रहा था। वह कथित तौर पर महिला पर पति को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था। ऐसा नहीं करने पर मारने और उसकी बेटी का अपहरण करने की धमकी देने का आरोप है।

धमकी के बाद बेटी को सच में उठा ले गया

28 सितंबर को महिला काम खत्म कर घर लौट रही थी। घर पहुंचने के कुछ पहले उसने कथित तौर पर आरोपी को अपनी बेटी वैष्णवी को सफेद रंग की एक्टिवा से ले जाते हुए देखा। महिला ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी बच्ची को लेकर वहां से निकल गया। इसके बाद महिला ने तत्काल हीरानगर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

उज्जैन की तरफ भागने की मिली सूचना

बच्ची के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को आरोपी के उज्जैन की तरफ जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रास्ते में घेराबंदी की और आरोपी आकाश माहोर को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से अपहृत बच्ची को दस्तयाब कर लिया और बाद में उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी आकाश पिता महेश माहोर, निवासी ग्वालियर को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत और पुलिस की कार्रवाई के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अपहरण सहित संबंधित धाराओं में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m