शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल में प्राथमिक शिक्षक अभ्यर्थियों ने लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मेरिट सूची में स्थान पाने के बावजूद चयन प्रक्रिया से बाहर किए जाने से नाराज अभ्यर्थियों ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और अपनी डिग्री को मान्य करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
वर्ष 2024 में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक शिक्षकों के 10 हजार पदों पर भर्ती निकाली गई थी। प्रक्रिया के तहत हाल ही में संपन्न हुए दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के दौरान करीब 1,000 ऐसे अभ्यर्थियों को बाहर कर दिया गया, जो मेरिट सूची में स्थान बना चुके थे।
DPI का तर्क vs अभ्यर्थियों की मांग
DPI का रुख: लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के अधिकारियों का कहना है कि D.El.Ed (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) की डिग्री भर्ती के लिए जारी किए गए आधिकारिक नोटिफिकेशन की तिथि से पहले की होनी चाहिए। भर्ती प्रक्रिया के दौरान डिग्री प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को पात्र नहीं माना जाएगा।
अभ्यर्थियों का तर्क
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि उन्होंने सभी शैक्षणिक योग्यताएं पूरी की हैं, इसलिए उनकी D.El.Ed डिग्री को मान्य किया जाना चाहिए। मेरिट में जगह बनाने के बावजूद अंतिम चरण में बाहर किए जाने से सैकड़ों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों को पूरा नहीं किया गया और डिग्री मान्य नहीं की गई, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


