राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की एक रहवासी कॉलोनी में अस्पताल के संचालन को लेकर स्थानीय रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। अस्पताल की अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था और कॉलोनी की सुरक्षा को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए निवासियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।
सड़कों पर जाम और सुरक्षा का संकट
दरअसल कॉलोनी के भीतर संचालित ‘शीला देवी अस्पताल’ के कारण रहवासियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि अस्पताल आने वाले वाहनों और मरीजों के कारण कॉलोनी की आंतरिक सड़कों पर जाम और सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है। विरोध प्रदर्शन का मुख्य तात्कालिक कारण यह बताया जा रहा है कि एक दिन पहले कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कॉलोनी के एक स्थानीय निवासी के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
एसडीएम की समझाइश के बाद खुला जाम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। सूचना मिलते ही एसडीएम (SDM) मौके पर पहुंचे और आक्रोशित कॉलोनीवासियों से लंबी चर्चा की। अधिकारियों ने निवासियों की सुरक्षा और पार्किंग से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया। प्रशासन इस मामले में आगे की प्रशासनिक और विधिक जांच कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

