रांची . झारखंड हाईकोर्ट में जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़ी परीक्षाओं को लेकर गुरुवार को हुई सुनवाई के बाद JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने राज्य सरकार पर छात्रों के साथ छल करने का आरोप लगाया है।

मंच के रविंद्र पासवान ने कहा कि कोर्ट में हुई कार्रवाई को देखकर छात्रों को ठगा हुआ महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार के डेलिगेशन की बातों से लगा था कि सरकार छात्रों के हित में खड़ी है, लेकिन कोर्ट की कार्रवाई में सरकार की मंशा नजर नहीं आई।

शुक्रवार को पूरे राज्य में पुतला दहन

रविंद्र पासवान ने कहा कि अगर सरकार वास्तव में छात्रों के साथ है, तो कोर्ट में भी उसकी मंशा दिखाई देनी चाहिए थी। इसी के विरोध में मंच ने शुक्रवार को राज्य के सभी जिलों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का ऐलान किया है।

‘दो महीने से पहले करेंगे बड़ा आंदोलन’

मंच के कुणाल प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि कोर्ट की सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से कोई बड़ा वकील मौजूद नहीं था और जो वकील मौजूद थे, उन्होंने प्रभावी तरीके से पक्ष नहीं रखा। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ी है।

कुणाल प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने छात्रों के साथ छल जारी रखा तो दो महीने का इंतजार भी नहीं किया जाएगा और इससे पहले ही बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। मंच ने दावा किया कि इस आंदोलन में लाखों छात्र शामिल होंगे और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की जाएगी।मंच ने ये बातें रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं।