CJP Protest Delhi: मुख्य निर्वाचन आयुक्त और वोटर लिस्ट में SIR की प्रक्रिया के विरोध में विपक्ष के प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद CJP ने प्रदर्शन करने की बात कही है। स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

CJP प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट

दिल्ली पुलिस की DCP सृष्टि पांडे ने कहा कि 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि जरूरी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

DCP ने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में आकर गैर-कानूनी प्रदर्शन में शामिल न हों। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों को सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने और पुलिसकर्मियों के साथ किसी तरह की हिंसा नहीं करने की चेतावनी भी दी।

‘प्रदर्शन की नहीं दी गई है अनुमति’

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है। DCP सृष्टि पांडे ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर समेत दिल्ली में किसी भी स्थान पर इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि धारा 163 लागू होने के कारण किसी भी तरह का जमावड़ा गैर-कानूनी माना जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जुलाई के प्रदर्शन में हुई थी हिंसा

पुलिस के मुताबिक, CJP के पिछले जुलाई में हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा की स्थिति देखने को मिली थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैर-कानूनी जमावड़े से दूर रहें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस ने चेताया है कि गैर-कानूनी प्रदर्शन में शामिल होने पर लोगों को लंबे समय तक कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m