धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश भर के स्वास्थ्य कर्मियों ने रविवार को रेवाड़ी में जोरदार प्रदर्शन किया। राज्य अध्यक्ष शर्मिला देवी के नेतृत्व और महासचिव सहदेव आर्य सांगवान के मार्गदर्शन में सैकड़ों कर्मचारी सुभाष पार्क में जुटे। यहां से स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के रामपुरा स्थित आवास का घेराव करने के लिए जब कर्मचारी निकले, तो पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया।

पुलिस और कर्मचारियों के बीच बनी तनावपूर्ण स्थिति

प्रदर्शनकारी स्वास्थ्य कर्मचारी जैसे ही रामपुरा हाउस की ओर बढ़े, महाराजा अग्रसेन चौक पर पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। इस दौरान करीब 45 मिनट तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी तनातनी रही। कर्मचारियों के सड़क पर उतरने से नगर के सर्कुलर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मंत्री के पीए ने लिया मांग पत्र

प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे। बाद में पुलिस की सख्ती के कारण वे आगे नहीं बढ़ सके। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के पीए ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारी स्वास्थ्य कर्मियों से उनका मांग पत्र लिया। एमपीएचडब्ल्यू वर्कर काफी समय से अपनी विभिन्न मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी अपनी मांगों को पूरा करने के लिए सरकार पर दबाव बनाने की बात कहते रहे।