कुंदन कुमार, पटना। जनता दल यूनाइटेड (जद यू) प्रदेश कार्यालय के बाहर बुधवार को माहौल उस वक्त काफी गरम हो गया, जब बड़ी संख्या में लैब टेक्नीशियन, बी फार्मासिस्ट और नर्सिंग की छात्राएं अपनी मांगों को लेकर वहां पहुंच गए। हाथों में तख्तियां लिए इन प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर अपनी समस्याओं का समाधान करने की गुहार लगाई।
वर्षों से दे रहे हैं सेवाएं, फिर भी नौकरी स्थायी नहीं
प्रदर्शन में शामिल लैब टेक्नीशियन और बी फार्मासिस्ट संघ का कहना है कि वे लोग स्वास्थ्य क्षेत्र में पिछले कई सालों से अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा के साथ दे रहे हैं, इसके बावजूद सरकार उन्हें स्थायी नौकरी देने से लगातार कतरा रही है। उनका तर्क है कि महामारी और अन्य स्वास्थ्य संकटों के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में काम करने के बाद भी आज वे अस्थायी जीवन जीने को मजबूर हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जो उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है।


नर्सिंग छात्राओं का आरोप
वहीं, दूसरी ओर प्रदर्शन में शामिल नर्सिंग की छात्राओं ने अपनी परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। छात्राओं का आरोप है कि उनके नर्सिंग परीक्षा के रिजल्ट में भारी धांधली की गई है और कॉलेज के करीब 90 प्रतिशत छात्रों को जानबूझकर फेल कर दिया गया है।
इस गंभीर समस्या को लेकर वे पिछले 15 दिनों से लगातार पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं। छात्राओं का कहना है कि इतने दिनों से विरोध प्रदर्शन करने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग या सरकार के किसी भी जिम्मेदार प्रतिनिधि की ओर से अब तक कोई सकारात्मक जवाब या आश्वासन नहीं मिला है।
स्वास्थ्य मंत्री से मिलना चाहते थे छात्र, गेट पर रोका गया
अपनी इन्हीं समस्याओं के समाधान और गुहार लेकर ये सभी छात्र और छात्राएं सीधे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मिलने जद यू कार्यालय पहुंचे थे। लेकिन सुरक्षाकर्मियों और कार्यालय के लोगों ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
कार्यालय में प्रवेश न मिलने से नाराज छात्रों ने बाहर ही सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग है कि स्वास्थ्य मंत्री खुद बाहर आकर उनकी बातों को सुनें और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाएं। फिलहाल इस प्रदर्शन के कारण कार्यालय के आसपास कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।



