पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में चल रहे तनाव के बीच जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के समर्थन में ब्रिटिश कश्मीरियों ने UK के बर्मिंघम में पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के बाहर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. ब्रिटिश कश्मीरियों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के रावलाकोट और मीरपुर में आम नागरिकों पर हुई हिंसा और गोलीबारी के विरोध में अपने जूते रखकर विरोध जताया. उनका कहना था कि आम नागरिकों पर हो रही कार्रवाई तुरंत रोकी जाए और मानवाधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए.
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि PoJK में लोगों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग किया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों ने इस इलाके में आम नागरिकों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई और कथित हिंसा के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई.
प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के वाणिज्य दूतावास के बाहर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी इस मामले का संज्ञान लेने और इलाके की स्थिति पर निष्पक्ष जांच कराने की अपील की. ब्रिटेन में रहने वाले कश्मीरियों का यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है, जब खबरों के मुताबिक पीओके में पिछले दो दिनों के दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं.
प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी के साथ एकजुटता दिखाते हुए दूतावास के बाहर अपने जूते रखे. प्रदर्शन की वजह हाल के दिनों में रावलाकोट और मीरपुर में हुई हिंसा बताई जा रही है. उन्होंने पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा बलों के खिलाफ नारे लगाए और इलाके के लोगों के अधिकारों की मांग की.
सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से फैल रहे हैं, जिनमें बर्मिंघम स्थित पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के बाहर कश्मीरी प्रदर्शनकारी अपने जूते उतारते और मौजूदा हालात को लेकर गुस्सा जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं.
प्रदर्शन के बीच ब्रिटेन के कुछ सांसदों ने भी पीओके में हुई हिंसा को लेकर चिंता जताई है. ब्रिटिश सांसद नाज शाह ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने की खबरों की आलोचना की और इसे बेहद गंभीर मामला बताया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


