Mandodari Chaudhary Gender Change: राजस्थान के कोटा में सरकारी स्कूल की शारीरिक शिक्षिका मंदोदरी चौधरी को लिंग परिवर्तन के बाद नई आधिकारिक पहचान मिल गई है। राज्य सरकार ने उन्हें महिला से पुरुष के रूप में लिंग परिवर्तन और अपना नाम बदलकर रुद्र जाट रखने की अनुमति दे दी है।
शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। अब सरकारी अभिलेखों और आगामी आदेशों में उन्हें रुद्र जाट के नाम से संबोधित किया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार के मुताबिक, कोटा शहर के राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, नांता महल में पदस्थ शारीरिक शिक्षिका मंदोदरी चौधरी ने लिंग परिवर्तन और नाम बदलने के लिए आवेदन किया था। नियमों के तहत उनके आवेदन को मंजूरी दी गई है।
राजस्थान सेवा नियम, 1991 के नियम 8ए के अंतर्गत सरकारी प्रावधानों के अनुसार उन्हें अपना लिंग महिला से पुरुष दर्ज कराने और नाम बदलकर रुद्र जाट रखने की अनुमति प्रदान की गई है। इसके बाद शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर दिए हैं कि आगामी सरकारी आदेशों में उनका नाम रुद्र जाट लिखा जाए।
ट्रांसजेंडर व्यक्ति अधिनियम के प्रावधानों के तहत मिली अनुमति
शिक्षा विभाग के वरिष्ठ शासन उप सचिव की ओर से जारी अनुमति में ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 और 2020 के प्रावधानों का उल्लेख किया गया है। इसके तहत निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने की शर्त पर सेवा अभिलेखों में लिंग को महिला से पुरुष दर्ज करने की मंजूरी दी गई है।
इस फैसले के बाद मंदोदरी चौधरी की सरकारी सेवा से जुड़े रिकॉर्ड में भी नया नाम और बदली हुई पहचान दर्ज की जाएगी।
2019 से सरकारी सेवा में हैं रुद्र जाट
जानकारी के मुताबिक, रुद्र जाट का जन्म 25 फरवरी 1997 को हुआ था। बचपन से ही उनकी रुचि खेलों में रही, जिसके चलते उन्होंने शारीरिक शिक्षा की पढ़ाई की। वर्ष 2019 में उन्हें सरकारी नौकरी मिली थी। उनकी पोस्टिंग नांता महल स्थित सरकारी स्कूल में है। फिलहाल वे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं।
उनके साथ टूर्नामेंट में ड्यूटी कर चुकी एक महिला शारीरिक शिक्षिका के मुताबिक, रुद्र बचपन से ही लड़कों की तरह रहना पसंद करते थे। लिंग परिवर्तन के बाद उनके चेहरे पर दाढ़ी-मूंछ भी आने लगी हैं।
पढ़ें ये खबरें
- सिविल कोर्ट के नए भवन निर्माण पर जमीन विवाद, जिला जज ने किया स्थल निरीक्षण, अधिवक्ताओं के दावे से गरमाया मामला
- 40 विला-कॉटेज विवाद में बड़ा अपडेट, IAS शिखर अग्रवाल के बाद IPS पत्नी भी APO
- iQOO 15R पर Amazon Sale में बड़ी छूट, 7600mAh बैटरी और दमदार प्रोसेसर से लैस है फोन
- ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई: खेतों के बीच उगाया गया 24 करोड़ का गांजा जब्त; 4 गिरफ्तार
- अहमदाबाद: दिवाली से पहले मनपा का कड़ा रुख, नियमों की अनदेखी करने वाली मिठाई-नमकीन की चार इकाइयां सील

